‘मिर्जापुर: द मूवी’ के ‘शूरवीर’ गाने पर विवाद, दिल्ली HC में PIL दाखिल; महाराणा प्रताप से जुड़े गीत को फिल्म से हटाने की मांग
नई दिल्ली: फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के एक गाने को लेकर विवाद अब दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है। फिल्म के क्लाइमेक्स में इस्तेमाल किए गए ‘शूरवीर’ गीत को हटाने की मांग को लेकर जनहित याचिका दाखिल की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि महाराणा प्रताप की वीरता और गौरव को समर्पित इस गीत का इस्तेमाल फिल्म में गैंगस्टर और अपराधी किरदारों से जुड़े दृश्यों के साथ किया गया है, जो गीत के मूल भाव से अलग है।
प्रशांत कुमार सिंह की ओर से दाखिल जनहित याचिका में कहा गया है कि ‘शूरवीर’ गीत मूल रूप से राजस्थान के महान योद्धा महाराणा प्रताप की वीरता और उनके गौरव को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से बनाया गया था। याचिकाकर्ता का कहना है कि इस तरह के गीत को अपराध और गैंग संस्कृति से जुड़े दृश्यों के साथ दिखाने से उसके मूल संदेश और सांस्कृतिक संदर्भ का अर्थ बदल सकता है।

गैंगस्टर किरदारों के साथ गीत दिखाने पर आपत्ति
याचिका के मुताबिक, फिल्म में ‘शूरवीर’ गीत का इस्तेमाल काल्पनिक गैंगस्टरों और आपराधिक किरदारों वाले दृश्यों में किया गया है। याचिकाकर्ता ने इसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से आपत्तिजनक बताया है। उनका तर्क है कि किसी ऐतिहासिक और राष्ट्रीय नायक को समर्पित गीत को अपराध और हिंसा से जोड़कर प्रस्तुत करना उचित नहीं है।
याचिका में कहा गया है कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों से जुड़े गीतों और प्रतीकों का इस्तेमाल इस तरह नहीं होना चाहिए, जिससे उनका संबंध अपराध या गलत गतिविधियों से जुड़ा हुआ दिखाई दे। याचिकाकर्ता के अनुसार, ऐसे इस्तेमाल से राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और लोगों की भावनाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
फिल्म के क्लाइमेक्स से गाना हटाने की मांग
इस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से फिल्म के क्लाइमेक्स से ‘शूरवीर’ गीत हटाने की मांग की गई है। इसके साथ ही याचिका में कहा गया है कि अगर गीत हटाया जाता है तो उसकी जगह किसी दूसरे ट्रैक का इस्तेमाल किया जाए। भविष्य में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व रखने वाले व्यक्तित्वों से जुड़े गीतों तथा प्रतीकों के इस्तेमाल को लेकर दिशानिर्देश तैयार करने की मांग भी याचिका में की गई है।
-------------------------------------------------------------------------------------------
राजेंद्र राठौड़ भी जता चुके हैं आपत्ति
इस विवाद को लेकर राजस्थान के वरिष्ठ बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ भी पहले आपत्ति जता चुके हैं। दिल्ली हाई कोर्ट में PIL दाखिल होने से एक दिन पहले उन्होंने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष को पत्र लिखकर ‘शूरवीर’ गीत को फिल्म से हटाने की मांग की थी। उन्होंने अपने पत्र को सोशल मीडिया पर भी साझा किया था।
राठौड़ ने कहा था कि महाराणा प्रताप को समर्पित गीत को गैंगस्टर और आपराधिक किरदारों के साथ जोड़कर दिखाना उचित नहीं है। उन्होंने पत्र में वीरता, त्याग, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण जैसे मूल्यों का उल्लेख करते हुए कहा था कि इन मूल्यों और गैंगस्टर संस्कृति के बीच स्पष्ट अंतर है।
उन्होंने फिल्म से गीत हटाने के साथ यह मांग भी की थी कि भविष्य में ऐतिहासिक महापुरुषों से जुड़े गीतों, प्रतीकों और अन्य चीजों का ऐसा इस्तेमाल नहीं होने दिया जाए, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हों।
फिलहाल ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के ‘शूरवीर’ गीत को लेकर विवाद कानूनी प्रक्रिया में पहुंच चुका है। अब इस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के रुख पर नजर है। फिल्म के क्लाइमेक्स से गीत हटाया जाएगा या नहीं, यह अदालत के आदेश के बाद ही स्पष्ट होगा।

