आजमगढ़ में शादी के बाद ससुराल नहीं पहुंची दुल्हन, दूल्हे को रास्ते में उतारकर जेवर-नकदी लेकर फरार; गैंग की 2 महिलाओं समेत 7 गिरफ्तार
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में शादी के बाद दुल्हन के ससुराल पहुंचने से पहले ही फरार होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते में दुल्हन के साथ आए कुछ लोगों ने दूल्हे को कार से उतार दिया और शादी में मिले सोने के जेवर, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने कथित लुटेरी दुल्हन गैंग की दो महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गैंग के सदस्यों ने हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र के छिबरमऊ गांव निवासी राजकुमार को शादी कराने का झांसा दिया था। आरोपियों ने उन्हें व्हाट्सऐप के जरिए एक लड़की की तस्वीर भेजी। तस्वीर पसंद आने के बाद राजकुमार और उनके परिवार ने शादी के लिए हामी भर दी।

बांधवा महादेव मंदिर में हुई शादी
शादी के लिए आजमगढ़ जिले के बरदह स्थित बांधवा महादेव मंदिर को चुना गया। बुधवार को दोनों पक्षों के लोग मंदिर पहुंचे, जहां राजकुमार और लड़की का पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह कराया गया।
शादी के बाद वर पक्ष की ओर से दुल्हन को सोने के जेवर, 80 हजार रुपये नकद और कपड़े समेत अन्य सामान दिया गया। इसके बाद राजकुमार अपनी नवविवाहिता को लेकर ससुराल के लिए रवाना हुए।
रास्ते में दूल्हे को कार से उतारा
आरोप है कि बांधवा मोड़ के पास दुल्हन के कथित पिता और उसके साथ मौजूद परिजनों ने दूल्हे को गाड़ी से उतार दिया। इसके बाद दुल्हन और शादी में मिला पूरा सामान लेकर वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की।
-------------------------------------------------------------------------------------------
दूल्हे के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
दो महिलाओं समेत सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए कोदहरा चौराहे के पास से घटना में शामिल दो महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 19,650 रुपये नकद, मंगलसूत्र, झुमका, साड़ी, कपड़े, दो बाइक समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने इससे पहले भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

