Saturday, September 19, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रशासन विभाग में शोध समिति की बैठक आयोजित : नवीन एवं समसामयिक विषयों के चयन पर जोर

बरेली, 18 सितम्बर।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के व्यवसाय प्रशासन विभाग में शोध समिति की बैठक का आयोजन हुआ। विभागीय शोध समिति ने नवीन एवं समसामयिक विषयों के चयन पर जोर दिया। डीन प्रो.त्रिलोचन शर्मा के नेतृत्व में व्यवसाय प्रशासन विभाग नये कीर्तिमानों की ओर बढ रहा है, नए प्रयोग के तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के रिसर्च प्रोजेक्ट के विषयों के निर्धारण हेतु विभाग स्तर पर शोध समिति की बैठक आयोजित की गयी। शोध संबंधी बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीन, शोधपरक, समसामयिक एवं व्यावहारिक रूप से प्रासंगिक विषयों के चयन हेतु मार्गदर्शन प्रदान करना था।
बैठक में विद्यार्थियों को पारंपरिक विषयों के साथ-साथ वर्तमान व्यावसायिक एवं औद्योगिक परिवर्तनों से जुड़े नए एवं उभरते हुए विषयों पर शोध करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। विशेष रूप से वित्त, मानव संसाधन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय से संबंधित समसामयिक क्षेत्रों पर चर्चा की गई।
विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मानव संसाधन विश्लेषण, डिजिटल परिवर्तन, वित्तीय प्रौद्योगिकी, डिजिटल बैंकिंग, आँकड़ा विश्लेषण, साइबर सुरक्षा तथा प्रौद्योगिकी आधारित व्यावसायिक प्रक्रियाओं जैसे उभरते क्षेत्रों में शोध की संभावनाओं को तलाशने के लिए प्रेरित किया गया।
मानव संसाधन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय से संबंधित शोध विषयों के लिए प्रो. त्रिलोचन शर्मा, प्रो. संजय मिश्रा एवं प्रो. तुलिका सक्सेना ने विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया। इस क्षेत्र में डॉ. नंदिता शर्मा शोध मार्गदर्शक के रूप में तथा डॉ. मंजुला सिंह संयोजक के रूप में उपस्थित रहीं।
वहीं, वित्त से संबंधित विषयों के लिए प्रो. त्रिलोचन शर्मा, प्रो. ए. के. सरकार एवं डॉ. सौरभ वर्मा ने विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया। डॉ. नंदिता शर्मा शोध मार्गदर्शक तथा डॉ. वर्षा संयोजक रहीं।
विभागीय शोध समिति ने विद्यार्थियों को ऐसे विषयों का चयन करने के लिए प्रेरित किया जिनमें स्पष्ट शोध समस्या, पर्याप्त आँकड़ों की उपलब्धता, विश्लेषण की संभावनाएँ तथा व्यावहारिक उपयोगिता हो। साथ ही, विद्यार्थियों को वर्तमान उद्योग एवं व्यवसाय जगत की चुनौतियों को समझते हुए शोध के माध्यम से उनके संभावित समाधान तलाशने पर विशेष बल दिया गया।

-------------------------------------------------------------------------------------------

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------