Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

व्यापार मंडल ने केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह को 10 सूत्रीय मेमोरेंडम सौंपा

 

विकसित भारत 2047 को लेकर देवीपाटन मंडल और गोंडा की औद्योगिक व व्यापारिक विकास के लिए महत्वपूर्ण सुझाव पेश किए

गोंडा (नामानिगार): अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, गोंडा की ओर से शनिवार को केंद्रीय सरकार के राज्यमंत्री एवं सांसद गोंडा कीर्ति वर्धन सिंह को एक 10 सूत्रीय मेमोरेंडम सौंपते हुए विकसित भारत 2047 के तहत देवीपाटन क्षेत्र और विशेष रूप से गोंडा के विकास को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए हैं।

व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र प्रकाश आर्य और जिला महामंत्री शिव कुमार सोनी ने बताया कि भारत सरकार की मंशा के अनुरूप छोटे और मध्यम व्यापारियों के विकास तथा गोंडा की तरक्की के लिए ये सुझाव दिए गए हैं।

मेमोरेंडम के माध्यम से प्रस्तुत प्रमुख सुझावों और मांगों में जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों को 10 लाख रुपये का आयुष्मान हेल्थ कार्ड दिया जाना तथा सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस में प्राथमिकता दिया जाना, व्यापारी कल्याण बोर्ड, जीएसटी काउंसिल और विधान परिषद में व्यापारियों को प्रतिनिधित्व दिया जाना शामिल है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

इसके अलावा गोंडा जिला मुख्यालय और नगर पालिका की सभी संपर्क सड़कें जर्जर हैं, उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। नगर पालिका क्षेत्र की लगभग 80 प्रतिशत संपत्तियां नजूल की हैं, जिनका फ्रीहोल्ड और दाखिल-खारिज बंद है। इससे बैंक ऋण नहीं मिल पा रहा है और व्यापारियों पर मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। इस संबंध में तत्काल निर्देश जारी किए जाने की मांग की गई।

ज्ञापन में देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर औद्योगिक विकास के लिए ट्रांसपोर्ट नगर और इंडस्ट्रियल हब की स्थापना, शहर को जाम से राहत दिलाने, उद्योग बंधु और व्यापार बंधु की बैठकों में व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण, गोंडा के बस स्टेशन को मॉडल बस स्टेशन के रूप में विकसित करने तथा वर्कशॉप को दूसरी जगह स्थानांतरित करने आदि की मांगें भी शामिल हैं।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री जगदीश रायतानी, राजेंद्र सिंह, प्रिंस चौरसिया, रमेश सोनी और अतीक अहमद हरमैन आदि उपस्थित रहे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------