हरियाणा-पंजाब में बारिश से तापमान गिरा, दिल्ली को लू से राहत; अगले 5 दिनों के मौसम का हाल

नई दिल्ली: पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण देश की राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में कल हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लोगों को लू से राहत मिली है। वहीं, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने से तापमान गिर गया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, फरीदकोट, मोहाली, एसबीएस नगर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, अंबाला, नारनौल, रोहतक, यमुनानगर, पंचकूला समेत अन्य स्थानों पर बारिश हुई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पालम वेधशाला ने हवा की गति 58 किमी प्रति घंटे दर्ज की। आईएमडी ने कहा कि अगले दो से तीन दिनों में राजधानी दिल्ली में इसी तरह की स्थिति रहने की उम्मीद है और 30 मई तक लू का अनुमान नहीं है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले दो से तीन दिन में राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के क्षेत्रों सहित उत्तर-पश्चिम भारत में रुक-रुककर बारिश होने का पूर्वानुमान है। सोमवार और मंगलवार को दिल्ली के कई हिस्सों में लू चली। इस दौरान कई मौसम केंद्रों ने अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया।

ओडिशा में दिन के समय गर्मी का प्रकोप जारी
ओडिशा में बृहस्पतिवार को दिन के समय भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा, जबकि दोपहर में आंधी ने कई इलाकों में नुकसान पहुंचाया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार, आंधी के कारण कई पेड़ उखड़ गए और बिजली की लाइनें टूट गईं, जिससे भुवनेश्वर, पुरी, पिपिली और कटक में कई जगहों पर बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई।

आईएमडी ने कहा कि दिन के दौरान राज्य के पश्चिमी भाग में 14 स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जिसमें तालचेर सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद संबलपुर में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस, नौपाड़ा में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस और झारसुगुड़ा में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी भुवनेश्वर में दिन के पहले पहर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस था, वहीं दोपहर में आंधी का सामना करना पड़ा। आईएमडी ने अगले तीन दिनों तक दिन के समय गर्मी और शाम को बारिश की इसी तरह की मौसम की स्थिति का अनुमान जताया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper