Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

मोदी सरकार के 12 वर्ष विश्वास,विकास और जनकल्याण की ऐतिहासिक यात्रा : जेपीएस राठौर,राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) 

बरेली, 13 जून। मा0 राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता विभाग उत्तर प्रदेश एवं प्रभारी मंत्री जनपद बरेली जे0पी0एस0 राठौर जी ने आज बरेली सर्किट हाउस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की जनता ने पिछले 12 वर्षों में बार-बार यह साबित किया है कि जब निर्णय राष्ट्रहित में लिए जाते हैं और सरकार केवल शासन नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनती है, तब जनता उसका साथ भी देती है और उस पर भरोसा एवं विश्वास भी व्यक्त करती है।
उन्होंने कहा कि आज जब हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की यात्रा को देखते हैं, तो यह भारत की जनता और नेतृत्व के बीच बने विश्वास के उस अटूट रिश्ते की कहानी दिखाई देती है, जिसने देश की दिशा और दशा दोनों बदल दी हैं। उन्होंने कहा कि यह विश्वास किसी प्रचार से नहीं बना, बल्कि कठिन समय में लिए गए निर्णयों, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की नीति और जनता के साथ सीधे संवाद से बना है और आज भारत के युवाओं को भरोसा है कि देश आगे बढ़ रहा है। महिलाओं को विश्वास है कि उनकी भागीदारी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण है। किसानों का आत्मविश्वास बढ़ा है कि उनकी आवाज भी दिल्ली तक पहुँचती है।
उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी का वर्ष 2014 से 2019 तक का कार्यकाल जन कल्याण को समर्पित रहा, इस समयावधि में जनकल्याण की विभिन्न योजनाएं चलाई गई जैसे- जन धन खातों को खोलना, किसान सम्मान निधि, डीबीटी के माध्यम से पात्रों के खातों में धनराशि अंतरित करना, उज्जवला योजना के अन्तर्गत गैस सिलेंडर वितरण, स्वच्छ शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, निशुल्क खाद्यान वितरण, आयुष्मान कार्ड से गरीब/असहायों की चिकित्सा व्यवस्था मुहैया करना आदि। उन्होंने कहा कि आज हम विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं।
मा0 प्रधानमंत्री जी का वर्ष 2019 से 2024 तक का कार्यकाल जन आकांक्षाओं को समर्पित रहा, जिसमें तीन तालाक का देश में झेलने वाली मुस्लिम बहन/बेटियों को कानून बनाकर संरक्षण दिया गया, गरीबों के लिए योजनाएं, मध्यम श्रेणी के लोगों के लिए 12 लाख रुपए तक की आय पर आयकर में छूट, उद्यमियों को जीएसटी की दर कम करके राहत दी गयी, कानून के राज की स्थापना हुई है तथा एक्सप्रेस-वे विकसित किए गए हैं, जिस कारण औद्योगिकीकरण बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जो लोग 1978 के दंगों में संभल छोड़कर चले गए थे उन्हें पुनः स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज बहन-बेटियां ज्यादा सुरक्षित हैं, हमें इन सब परिवर्तनों को आमजन तक पहुंचाना है।
देश में जनविश्वास, सेवा और विकास की राजनीति के 12 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। यह भारत के बदलते आत्मविश्वास, मजबूत नेतृत्व और जनता के अटूट विश्वास की कहानी है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने हमेशा कहा है कि सरकार का पहला अधिकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं का है।
इन 12 वर्षों में मोदी सरकार का ‘‘राष्ट्र निर्माण ही मिशन‘‘ रहा है। आज हमने जिस ‘नई अर्थव्यवस्था, नया भारत और नया विश्वास‘ को गढ़ा है, वह पूरी दुनिया के सामने एक मिसाल बन चुका है। वर्ष 2014 से 2026 तक की हमारी यह 12 वर्ष की यात्रा निरंतर ‘प्रगति पथ पर अग्रसर‘ रही है। हमने ‘सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित भारत‘ का जो संकल्प लिया था, वह आज पूरी तरह साकार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सही मायनों में मोदी सरकार के ये 12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के ऐसे स्वर्णिम वर्ष हैं, जिन्होंने भारत की तस्वीर बदल कर रख दी है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने खाद्यान्न उत्पादन में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की है। देश के खाद्यान्न उत्पादन में 71 प्रतिशत की अब तक की सबसे बड़ी ऐतिहासिक वृद्वि देखी जा रही है। आज देश का खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 12,000 लाख मीट्रिक टन से अधिक के विशाल आंकड़े को पार कर गया है। आज देश में हर दिन लगभग 34 किलोमीटर से अधिक नए राजमार्ग बन रहे हैं, जो वर्ष 2014 में केवल 11.6 किमी प्रति दिन थी।
इन 12 सालों में भारतीय रेलवे ने विकास की जो रफ्तार पकड़ी है, वह अकल्पनीय है। हम सिर्फ ट्रेनें नहीं चला रहे हैं, बल्कि तेजस और वंदे भारत ट्रेनों के जरिए हमने देश में विश्वस्तरीय मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी का निर्माण किया है। आजादी के 67 सालों में देश में मात्र 74 हवाई अड्डे थे। पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने 90 से अधिक नए हवाई अड्डे बनाए हैं, और आज यह संख्या 164 को पार कर गई है।
उन्होंने कहा कि भारत डिजिटल भुगतान में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि इन 12 वर्षों में हमारे यूपीआई ट्रांजैक्शन में 12,000 गुना की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और चालू वित्त वर्ष की 7 प्रतिशत से अधिक विकास दर के साथ हम बहुत जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने जा रहे हैं। एक राष्ट्र-एक बाजार‘ के संकल्प ने वर्ष 2024-25 में जीएसटी संग्रह को रुपए 22 लाख करोड़ के पार पहुंचा दिया है। वर्ष 2024-25 में हमारा प्रत्यक्ष कर संग्रह 27 लाख करोड़ रुपये रहा है, जो ईमानदार करदाताओं के सरकार पर भरोसे का प्रतीक है।
वर्ष 2024-25 में हमारा प्रत्यक्ष कर संग्रह 27 लाख करोड़ रुपये रहा है, जो ईमानदार करदाताओं के सरकार पर भरोसे का प्रतीक है। ये 12 वर्ष गवाह हैं कि जब नीयत साफ हो, नेतृत्व मजबूत हो और नीतियां स्पष्ट हों, तो देश कैसे बदलता है। आज का भारत रुकने वाला नहीं है, झुकने वाला नहीं है। यह 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास की जीत है और यही विश्वास हमें 2047 तक एक ‘विकसित भारत‘ बनाने के हमारे महान लक्ष्य तक लेकर जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में सीधे लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) और आधार प्रमाणीकरण ने लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाया। इससे रुपए 4.31 लाख करोड़ की सरकारी बचत और लाभार्थियों को समय पर सहायता सुनिश्चित हुई।
देश में 12 वर्षों में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से कोरोना जैसे कठिन समय में भी 81 करोड़ से अधिक देशवासियों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया है। जन-धन योजना के माध्यम से अब तक 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले जा चुके हैं, जिसमें 32 करोड़ से अधिक महिलाएं हैं। आयकर छूट की सीमा 2 लाख रुपये से छह गुना बढ़कर 12.75 लाख हो गई है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना के माध्यम से 1 करोड़ रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए गए है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष रुपए 6,000 की सीधी नकद सहायता प्रदान करते हुए अब तक रुपए 4.3 लाख करोड़ की राशि 11 करोड़ से अधिक किसानों को ट्रांसफर की जा चुकी है।
विगत 12 वर्षों में किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 7.71 करोड़ किसानों को लगभग रुपए 10 लाख करोड़ का ऋण उपलब्ध कराया गया। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना ने देश के गरीबों और निम्न आयवर्ग के नागरिकों को मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कवरेज प्रदान किया। अब तक 60 करोड़ से अधिक हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के माध्यम से अब तक 58.09 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। यह पहल समाज के कमजोर वर्गों के लिए एक सशक्त सुरक्षा कवच बनी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ से अधिक लाभार्थियों के सर पर पक्की छत की गारंटी मिली है।
स्टैंड अप इंडिया अभियान के अंतर्गत 15000 करोड़ रुपये से अधिक का लोन एससी/एसटी उद्यमियों को दिया जा चुका है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 30 लाख पारंपरिक कारीगरों को कौशल ऋण प्रदान किया गया है। जनजातीय कल्याण हेतु 15000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत 79000 करोड़ रुपये आवंटित किया गया है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से लगभग 11 करोड़ महिलाओं को देश में स्वच्छ ईंधन (एलपीजी) कनेक्शन मुफ्त में प्रदान किया गया।  लखपति दीदी योजना के अंतर्गत 3 करोड़ से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी योजना का लाभ मिला है। बेटियों का भविष्य सुरक्षित करने हेतु 4.5 करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री सुकन्या समृद्वि खाते खोले गए हैं।  स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक शौचालय की सुविधा पहुंचाने के लक्ष्य के साथ देश में 12 करोड़ से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण किया गया है, जिससे भारत में स्वच्छता की दिशा में एक क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिला।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत 16 करोड़ से अधिक घरों को शुद्ध पेयजल मिल रहा है। सरकार ने 12 वर्षों में सौभाग्य योजना के तहत देश के सभी घरों में 100 प्रतिशत विद्युतीकरण किया है।
उन्होंने कहा कि जनपद बरेली कि बात करें तो नाथ कारिडोर के माध्यम से जनपद की भव्यता को बढ़ाने का कार्य किया गया है। आँवला में लिलौर झील का विकास ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में किया जा रहा है। नवाबगंज में अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण किया गया है जहां गरीब श्रमिकों के बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर रहे है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से सर्वाधिक इलाज करने का कार्य भी बरेली में किया गया है। तहसील बहेड़ी में 133 एकड़ में मेगा फूड पार्क का निर्माण किया गया है। तहसील नवाबगंज में 114 एकड़ भूमि पर सरदार बल्लभ भाई पटेल इम्प्लांयमेंट जोन बनाने का कार्य किया गया है।
उन्होंने बताया कि सीबीएससी बोर्ड में जनपद बरेली कि बेटी मानवी पटेल ने 96.66 प्रतिशत अंक प्राप्त कर और आईसीएससी बोर्ड में रंजना पाराशर ने 99.60 प्रतिशत अंकित प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है। निश्चित तौर पर यह कहा जा सकता है कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल योजनाओं और उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की एक ऐतिहासिक यात्रा है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान समृद्धि, डिजिटल परिवर्तन और सुशासन के मजबूत आधार पर आज भारत आत्मविश्वास के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है।
इस अवसर पर मा0 सांसद बरेली छत्रपाल गंगवार, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मा0 विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, जय पाल सिंह व्यस्त, कुंवर महाराज सिंह, मा0 विधायक कैण्ट संजीव अग्रवाल, मा0 विधायक मीरगंज डॉ0 डीसी वर्मा, मा0 विधायक नवाबगंज डॉ0 एमपी आर्य, मा0 विधायक बिथरी चैनपुर डॉ0 राघवेंद्र शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष बरेली सोमपाल शर्मा, भाजपा आंवला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना आदि उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
---------------------------------------------------------------------------------------------------