सम्पूर्ण समाधान दिवस में 74 शिकायतें पहुंचीं, 6 का मौके पर निस्तारण; डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गोण्डा: तहसील करनैलगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 74 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर उसकी आख्या तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम गठित करने के निर्देश
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यकतानुसार टीम गठित की जाए। टीम मौके पर जाकर स्थलीय जांच करे और शिकायत का पूरी गुणवत्ता के साथ समाधान सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि केवल कागजी कार्रवाई तक शिकायतों के निस्तारण को सीमित न रखा जाए। अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अतिक्रमण और चकरोड के मामलों में पुलिस के साथ करें कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अवैध अतिक्रमण और चकमार्ग से जुड़े मामलों में राजस्व विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने तालाब की भूमि की पैमाइश, अवैध कब्जे, चकरोड, नाली और अवैध अतिक्रमण से संबंधित मामलों में पुलिस बल के सहयोग से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित शिकायतकर्ता को भी मौके पर बुलाया जाए। उसकी उपस्थिति का लिखित उल्लेख करने के साथ निस्तारण की कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई जाए।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के समापन पर जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल, उपजिलाधिकारी करनैलगंज, तहसीलदार करनैलगंज, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
