उत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी ने 300 बेडेड चिकित्सालय परिसर व वन स्टॉप सेंटर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बरेली, 04 अप्रैल। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कल 300 बेडेड मंडलीय चिकित्सालय एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित वन स्टॉप सेंटर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका को देखा और जानकारी ली कि कितने कर्मचारी कार्यरत है, जिस पर अवगत कराया गया कि 21 कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारी अमरेन हुसैन के लेट आने पर कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान वन स्टॉप सेंटर के भोजनालय कक्ष व मीनू को भी देखा गया तथा खाने की गुणवत्ता को परखा गया जहां पर सभी व्यवस्थाएं उचित पायी गयी। निरीक्षण के समय उपस्थित कर्मचारियों से विद्युत व्यवस्था की भी जानकारी ली गयी, जिस पर अवगत कराया गया कि विद्युत निरन्तर आती है।

उक्त के उपरांत वन स्टॉप सेंटर में रह रही लड़कियों से भी वार्ता की गयी तथा उनकी समस्याओं को सुना गया और सम्बन्धित अधिकारियों को समस्याओं का अतिशीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जो भी लड़कियां 18 वर्ष से कम आयु की है और उनके माता-पिता उनकी शादी कराना चाहते हैं तो परिजनों को बुलाकर समझाया जाए तथा महिला सुरक्षा व अधिकारों से संबधित नियम/कानून का बैनर लगवाया जाये, जिससे लोग जागरूक हो सके।

मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए गए कि जो भी लड़कियां यहां आये उनका निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाये।

निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, वन स्टॉप सेंटर का स्टाफ सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट