Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

आईवीआरआई में “इनफर्टिलिटी डायग्नोस्टिक एण्ड मैनेजमेंट इन डेयरी एनिमल्स” विषय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

बरेली,03फरवरी।भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज़्ज़तनगर में कल “इंफर्टिलिटी डायग्नोसिस एण्ड मैनेजमेंट इन डेयरी एनिमल्स” विषय पर पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ हो गया । इस प्रशिक्षण में ओड़ीशा के 19 फील्ड पशुचिकित्सा अधिकारी प्रशिक्षु के रूप में प्रतिभाग कर रहे हैं । इसका प्रायोजन ओड़ीशा राज्य के वेटरीनरी ओफिसर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट कर रही है ।

इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं संस्थान की संयुक्त निदेशक (प्रसार शिक्षा) डॉ रूपसी तिवारी ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि ओडिशा पशुपालन विभाग द्वारा प्रायोजित नौ प्रशिक्षण कार्यक्रमों में यह इस वित्तीय वर्ष का आठवा प्रशिक्षण कार्यक्रम है।
इस तरह के कार्यक्रम से प्रशिक्षुओं की क्षमता में वृद्धि होती है । उन्होंने आई वी आर आई के 136 वर्ष के इतिहास पर कहा कि इस संस्थान ने देश में कई पशु रोगों के समूल नाश एवं नियंत्रण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है । इस क्रम में संस्थान ने दर्जनों नैदानिक, टीकों, पोषण तकनीकों आदि का विकास किया है जिसके कारण संस्थान ने अंतर्राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त ओ आई ई मान्यता प्राप्त की है । यह संस्थान कई पशुचिकित्सा संस्थानों की मातृ संस्था रही है । वर्तमान में संस्थान जीनोमिक टीकों के विकास पर अपना ध्यान केन्द्रित कर रही है ।

उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए पशु पुनर्जनन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ॰ एम एच खान ने कहा कि डाटा से पता चलता है कि ओड़ीशा में दुधारू पशुओं की औसत उत्पादन क्षमता राष्ट्रीय औसत से कम है तथा कुल दुग्ध उत्पादन में ओड़ीशा का योगदान सिर्फ 1 प्रतिशत है । उचित प्रशिक्षण तथा उन्नत तकनीक का प्रयोग करके दुधारू पशुओं की उत्पादन क्षमता को बढ़ाया जा सकता है । इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर चर्चा के साथ पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान, पशु पोषण की तकनीकों पर चर्चा की जाएगी ।

समारोह का संचालन प्रशिक्षण कार्यक्रम के समन्वयक एवं वैज्ञानिक डॉ बृजेश कुमार ने की । इस अवसर पर विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉक्टर सुनील जाधव एवं डॉ. मानस पात्रा उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------