इमरान खान की बिगड़ती हालत पर कपिल देव और गावस्कर समेत 14 पूर्व कप्तानों ने उठाई आवाज, पाकिस्तानी सरकार से की ये 3 मांगें

नई दिल्ली: पाकिस्तान को 1992 में वर्ल्ड कप जिताने वाले महान पूर्व कप्तान और देश के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में खराब होती तबीयत ने पूरे क्रिकेट जगत की चिंताएं बढ़ा दी हैं। साल 2023 में लाहौर से गिरफ्तार होने के बाद से ही वह रावलपिंडी की आदियाला जेल में कैद हैं। अब उनकी मदद के लिए भारत के दिग्गज कपिल देव और सुनील गावस्कर सहित दुनिया के 14 पूर्व कप्तानों ने खुलकर अपनी आवाज बुलंद की है। इन सभी क्रिकेट दिग्गजों ने पाकिस्तानी सरकार को एक साझा ईमेल लिखकर इमरान खान की स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए उनके साथ मानवीय व्यवहार करने की अपील की है।
पाकिस्तानी सरकार को ईमेल में याद दिलाया इमरान का रुतबा
पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तानी सरकार को भेजे गए ईमेल में इस बात पर जोर दिया है कि इमरान खान केवल पाकिस्तान के ही नहीं, बल्कि विश्व क्रिकेट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं। खत में सरकार को याद दिलाया गया है कि 1992 में इमरान खान के कुशल नेतृत्व में ही पाकिस्तान विश्व चैंपियन बना था और देश में क्रिकेट के विकास में उनका योगदान अतुलनीय है। विभिन्न कथित घोटालों के आरोप में लगभग 1000 दिनों से जेल में कैद इमरान खान के गिरते स्वास्थ्य पर इन दिग्गजों ने गहरी निराशा और चिंता व्यक्त की है।
इमरान खान के लिए रखी गईं तीन प्रमुख मांगें

कपिल देव और सुनील गावस्कर सहित इन सभी 14 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तानी सरकार के सामने इमरान खान के हक में तीन बड़ी मांगें रखी हैं। अपनी पहली मांग में उन्होंने स्पष्ट कहा है कि इमरान खान को तुरंत बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए और उन्हें उनके पसंद के विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य सुविधाएं लेने का अधिकार दिया जाए। अपनी दूसरी मांग में दिग्गजों ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार उन्हें मानवीय और गरिमापूर्ण तरीके से जेल में रखा जाए, साथ ही उन्हें उनके परिवार के सदस्यों और दोस्तों से मिलने की पूरी इजाजत दी जाए। तीसरी और सबसे अहम मांग में यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि इमरान खान को पूरी पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष रूप से अपनी कानूनी लड़ाई लड़ने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
इन महान क्रिकेटरों ने भी दिया इमरान खान का साथ
कपिल देव और सुनील गावस्कर जैसे भारतीय दिग्गजों के अलावा क्रिकेट जगत के कई अन्य बड़े और सम्मानित नाम भी इमरान खान के समर्थन में आगे आए हैं। इस साझा ईमेल को लिखने वालों में इंग्लैंड के माइकल एथर्टन, नासिर हुसैन और माइक ब्रेयरली, ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, किम ह्यूज, स्टीव वॉ और बेलिंडा क्लार्क तथा वेस्टइंडीज के दिग्गज क्लाइव लॉयड शामिल हैं। इन सभी ने एक सुर में पाकिस्तानी सरकार से इस संवेदनशील मामले में तुरंत ध्यान देने का आग्रह किया है।


