Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

2027 में फिर ‘धूम-धड़ाके’ से लौटेगी डबल इंजन सरकार, विपक्ष के लिए यूपी में कोई स्कोप नहीं: सीएम योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में एक बार फिर “धूम-धड़ाके” के साथ डबल इंजन सरकार की वापसी होगी। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि समाजवादी पार्टी या किसी भी विपक्षी दल के लिए उत्तर प्रदेश में कोई राजनीतिक अवसर नहीं बचा है।

लखनऊ के कार्यक्रम में विपक्ष पर तीखा हमला
मंगलवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने अंतिम दिन गिन रही है। तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि किसी की अर्थी को कंधा देने के लिए चार लोगों की जरूरत होती है, लेकिन उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस के वे चार लोग भी जीतकर नहीं आ पाए। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की स्थिति भी इसी तरह हो जाएगी।

अखिलेश यादव पर निशाना, RSS जाने की सलाह
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं में जाना चाहिए। इससे उन्हें सुबह जल्दी उठने की आदत पड़ेगी। सीएम योगी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग 12 बजे तक सोकर उठते हैं, उनके लिए यह अनुशासन सीखने का अच्छा मौका होगा।

वंदेमातरम और राष्ट्रभावना पर सख्त रुख
वंदेमातरम और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर लगाए गए आरोपों पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदेमातरम राष्ट्रगीत है और राष्ट्रगान व राष्ट्रध्वज का अपमान राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि संघ की शाखाओं में जाने से अखिलेश यादव और उनकी “पारिवारिक पार्टी” दोनों का भला होगा।

इटावा मंदिर वाले बयान पर तंज
इटावा में मंदिर निर्माण को लेकर अखिलेश यादव के दावे पर सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि यह अच्छी बात है कि उन्हें अब सद्बुद्धि आ रही है। उन्होंने कहा कि देर आए दुरुस्त आए, इसके लिए वे उन्हें बधाई देते हैं, लेकिन यह आस्था नहीं बल्कि अवसरवाद है। मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब अगर वे श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए भी आगे आते हैं तो लोग उनकी प्रशंसा करेंगे।

2027 को लेकर दोहराया भरोसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो टूक कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार धूमधड़ाके से बनेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी या किसी अन्य दल के लिए प्रदेश में कोई स्कोप नहीं है। बिहार में कांग्रेस और आरजेडी की जो राजनीतिक दुर्गति हुई, वैसी ही स्थिति आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा की भी तय है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------