Thursday, February 26, 2026
Top Newsदेश

अमित शाह 14 मार्च को पंजाब के मोगा में ‘बदलाव रैली’ को करेंगे संबोधित

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अमित शाह 14 मार्च को पंजाब के मोगा में ‘बदलाव रैली’ को संबोधित करेंगे। भाजपा की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। चंडीगढ़ में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि पंजाब में हर कोई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राज्य में आम आदमी पार्टी (आप) के विश्वसनीय और भरोसेमंद विकल्प के रूप में देखता है। उन्होंने कहा कि लोगों ने ‘आप’ को सत्ता से बाहर करने का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब की जनता की सेवा करने, राज्य को विकास के पथ पर ले जाने, इसे नशे की समस्या से मुक्त कराने, किसानों के जीवन में बदलाव लाने और भ्रष्टाचार मुक्त शासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस रैली को पंजाब में भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है जहां 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर हमला बोलते हुए शर्मा ने आरोप लगाया कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार हर मोर्चे पर ”विफल” रही है। शर्मा ने आरोप लगाया कि पंजाब में अपने चार साल के शासनकाल में आप के नेतृत्व वाली सरकार चुनावी वादों और गारंटी को पूरा करने के बजाय अपने हर वादे से पलट गई तथा यह राज्य में कानून का शासन सुनिश्चित करने में विफल रही है। शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य में मादक पदार्थ, अवैध खनन और भ्रष्टाचार का बोलबाला है।

उन्होंने दावा किया, ”स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है तथा कर्मचारियों को समय पर वेतन और पेंशन नहीं मिल रही है। लंबित भुगतानों के कारण सरकारी बिजली उपक्रम और पंजाब रोडवेज को भारी नुकसान हो रहा है और वे महीनों से वेतन का भुगतान करने में असमर्थ हैं।” उन्होंने कहा कि बेअदबी के मामलों में दोषियों को अब तक सजा नहीं मिली है। शर्मा ने किसानों को उनकी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने में विफल रहने के लिए मान सरकार की निष्ठा पर भी सवाल उठाया। शर्मा ने पंजाब सरकार पर व्यापारी वर्ग से ”कर उगाही” करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि चार वर्षों में आप सरकार ने न तो शहरों, कस्बों और गांवों में नयी सड़कें बनाई हैं और न ही सड़कों के गड्ढों की मरम्मत की है।

पंजाब में हाल में हुई जबरन वसूली एवं गोलीबारी की हिंसक घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था ”पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है”। उन्होंने कहा, ”अब सिर्फ बड़े व्यापारियों को ही नहीं बल्कि छोटे किराना दुकानदारों को भी जबरन वसूली के फोन आ रहे हैं।” पठानकोट के विधायक ने आरोप लगाया कि कभी राज्य से आतंकवाद का सफाया करने वाली पंजाब पुलिस को ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल और मान ने विरोधियों के साथ ”राजनीतिक हिसाब-किताब निपटाने” के काम में व्यस्त कर रखा है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------