होली पर गोंडा में हाई अलर्ट, एसपी विनीत जायसवाल ने सड़कों पर उतरकर संभाली कमान

गोण्डा। रंगोत्सव/होली पर्व को लेकर जनपद में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। इसी कड़ी में विनीत जायसवाल ने जनपद क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय जायजा लिया और अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने स्पष्ट किया कि होली जैसे संवेदनशील पर्व के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आपसी सौहार्द से हो पर्व का आयोजन, कानून हाथ में न लें
पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी नागरिक इस पावन पर्व को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसा कृत्य न किया जाए जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों या कानून एवं शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हो।

ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश
एसपी विनीत जायसवाल ने होली ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को भी पर्व की शुभकामनाएं दीं। साथ ही निर्देश दिए कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, लगातार भ्रमणशील रहकर पैट्रोलिंग सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि होली का पर्व जनपद में पूरी शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ संपन्न हो।
