Top Newsउत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

जीआईटीएम और आईआईएम लखनऊ एंटरप्राइज इनक्यूबेशन सेंटर के बीच एमओयू, ब्लॉकचेन नवाचार और स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा

लखनऊ: गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (जीआईटीएम), लखनऊ ने नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आईआईएम लखनऊ एंटरप्राइज इनक्यूबेशन सेंटर (IIML EIC) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य ब्लॉकचेन प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्टार्टअप इनक्यूबेशन, उद्यमिता, कौशल विकास और उद्योग एवं शिक्षा जगत के बीच सहयोग को मजबूत करना है।

एमओयू पर जीआईटीएम के निदेशक डॉ. ऋषि अस्थाना और प्रबंधन विभाग (एमबीए) की विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योति अग्रवाल ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान आईआईएम लखनऊ एंटरप्राइज इनक्यूबेशन सेंटर के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी) के प्रोजेक्ट लीड निखिल भट्ट और असिस्टेंट मैनेजर साक्षी सचान भी मौजूद रहीं।

विद्यार्थियों को ब्लॉकचेन और उद्यमिता की संभावनाओं से कराया परिचित

एमओयू पर हस्ताक्षर के बाद 7 अगस्त 2026 को ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी एवं उद्यमिता जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ब्लॉकचेन तकनीक, नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देना था।

सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने ब्लॉकचेन तकनीक के विभिन्न औद्योगिक और व्यावसायिक उपयोगों पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों को नवाचार आधारित स्टार्टअप विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

संस्थान के प्राध्यापक और छात्र-छात्राएं रहे मौजूद

कार्यक्रम में डॉ. देवेंद्र अग्रवाल, डीन, श्री बृजेश पाण्डेय, एसोसिएट डीन, डॉ. प्रियंका जायसवाल, संयोजक, इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल (IIC) और डॉ. अनीता पाल, आईआईसी समन्वयक सहित संस्थान के प्राध्यापक मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया।

ब्लॉकचेन और स्टार्टअप क्षेत्र में नए अवसरों की उम्मीद

जीआईटीएम और आईआईएम लखनऊ एंटरप्राइज इनक्यूबेशन सेंटर के बीच यह साझेदारी संस्थान की नवाचार, अनुसंधान, उद्योग-शिक्षा सहयोग और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी। संस्थान के अनुसार, इस सहयोग के माध्यम से विद्यार्थियों को ब्लॉकचेन प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप इनक्यूबेशन, कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे।

इस पहल से विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव हासिल करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए खुद को अधिक सक्षम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------