Top Newsदेशराजनीति

पूर्व TMC विधायक सनत डे गिरफ्तार, वसूली और चुनाव बाद हिंसा के आरोपों में पुलिस का बड़ा एक्शन

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की नैहाटी विधानसभा सीट से पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक सनत डे को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उन पर वसूली और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट समेत कई आरोप हैं। पुलिस ने उन्हें सुबह दत्तपुकुर इलाके से पकड़ा, जिसके बाद नैहाटी थाने ले जाया गया। पुलिस उन्हें शनिवार को बैरकपुर उपमंडलीय अदालत में पेश कर सकती है।
सनत डे की गिरफ्तारी की खबर के बाद भाजपा कार्यकर्ता नैहाटी थाने के बाहर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सनत डे बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र की राजनीति में प्रभावशाली चेहरा रहे हैं। उन्हें पूर्व राज्य मंत्री पार्थ भौमिक का करीबी सहयोगी भी माना जाता रहा है। डे नैहाटी नगरपालिका के परिषद अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
2024 के उपचुनाव में जीते थे नैहाटी सीट
सनत डे ने 2024 में हुए उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर नैहाटी विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी। यह उपचुनाव तत्कालीन विधायक पार्थ भौमिक के विधानसभा की सदस्यता छोड़कर 2024 का बैरकपुर लोकसभा चुनाव लड़ने के बाद कराया गया था। हालांकि, 2026 के विधानसभा चुनाव में सनत डे को हार का सामना करना पड़ा।
भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि सनत डे विधायक बनने से पहले और विधायक रहने के दौरान भी वसूली समेत कई आपराधिक गतिविधियों में कथित रूप से शामिल रहे। पिछले कुछ महीनों में उनके खिलाफ नैहाटी थाने में कई शिकायतें दर्ज होने की बात सामने आई है।
शिकायतों के बाद पुलिस ने शुरू की थी तलाश
शिकायतें दर्ज होने के बाद सनत डे के कथित तौर पर फरार होने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस टीमों ने उनके आवास पर तलाशी भी ली थी, लेकिन उस समय वह वहां नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश जारी रखी और शनिवार सुबह दत्तपुकुर इलाके से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन
पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नैहाटी थाने के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस के मुताबिक, सनत डे पर वसूली के अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं से कथित मारपीट से जुड़े आरोप भी हैं। पुलिस अब गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------