उत्तर प्रदेशराजनीति

लखनऊ अग्निकांड को लेकर अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले- जाते हुए लोगों से क्या शिकवा, क्या शिकायत

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ अग्निकांड में बच्चे को खोने वाली एक मां के साथ कथित दुर्व्यवहार और अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना कहा कि ऐसे लोगों से सभ्य भाषा और अच्छे व्यवहार की उम्मीद करना ही बेकार है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे लोगों को माफ करने के लिए तैयार नहीं है और अपनी टिप्पणी के अंत में ‘अलविदा’ लिखा।

अखिलेश ने कहा- ऐसे लोगों से अच्छे व्यवहार की उम्मीद बेकार

अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में लखनऊ अग्निकांड की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस मां ने अपना बच्चा खोया हो, उसके साथ कैमरे के सामने कथित तौर पर बदजुबानी और दुर्व्यवहार करने वाले लोगों से सद्वचन और सद्व्यवहार की उम्मीद करना निरर्थक है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि व्यक्ति को कम से कम अपने पद की गरिमा और सम्मान का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस पद पर कोई व्यक्ति बैठा है, उसे उस पद का सम्मान करना चाहिए और अगर वह पद छोड़ने वाला है तो आगे जिस पद पर उसे जाना है, उसकी गरिमा का भी ख्याल रखना चाहिए।

‘वाणी में सरस्वती मां का वास होता है’

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में कहा कि वाणी में सरस्वती मां का वास होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लोग न तो परलोक की मां का सम्मान करना जानते हैं और न ही इस लोक की मां का। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोगों के दोनों लोक बिगड़ गए हैं।

‘हमने इन्हें मन से माफ किया’

सपा प्रमुख ने कहा कि उन्होंने संबंधित लोगों को मन से माफ कर दिया है, क्योंकि उनके मुताबिक वे किसी और के प्रभाव में हैं। इसके बाद उन्होंने लिखा कि जाते हुए लोगों से क्या शिकवा और क्या शिकायत। अखिलेश यादव ने अपनी टिप्पणी के अंत में कहा कि जनता उन्हें माफ करने के मूड में नहीं है और इसके साथ ‘अलविदा’ लिखा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------