Featured NewsTop Newsलाइफस्टाइल

गजब! शादी का प्रपोजल लेकर 932 KM चला शख्स, हाईवे पर लगाया ऐसा बैनर कि ड्राइवर खुद देने लगे रास्ता

चीन में एक युवक का अनोखा अंदाज इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शादी का प्रपोजल देने के लिए वह अपनी कार से करीब 932 किलोमीटर की लंबी यात्रा पर निकला और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। युवक ने अपनी कार की पिछली खिड़की पर लाल रंग का बैनर लगाकर दूसरे ड्राइवरों से रास्ता देने की अपील की। उसके इस अनोखे अंदाज को कई लोगों ने कैमरे में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया।

कार की खिड़की पर लगाया खास संदेश वाला बैनर

ऑनलाइन सामने आए वीडियो में कार की पिछली खिड़की पर लगा लाल बैनर साफ दिखाई देता है। उस पर लिखा था – “भाइयों, मुझे पहले जाने दो। मैं अपनी गर्लफ्रेंड को मैरिज प्रपोजल देने के लिए गुइझोऊ जा रहा हूं।” इस संदेश ने सड़क पर चल रहे दूसरे ड्राइवरों का ध्यान खींच लिया और कई लोगों ने उसे रास्ता देकर उसकी मदद भी की।

बताया गया कि 26 वर्षीय टैन नाम का यह युवक मध्य चीन के जियांग्शी प्रांत का रहने वाला है। वह देश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में स्थित फुजियान प्रांत में अपना कारोबार चलाता है। टैन ने एक स्थानीय टीवी चैनल को बताया कि उसकी प्रेमिका चीनी नव वर्ष मनाने के लिए दक्षिण-पश्चिमी चीन के गुइझोउ स्थित अपने घर गई हुई थी और उसी से मिलने व प्रपोज करने के लिए वह लंबा सफर तय कर रहा था।

कॉलेज में हुई थी मुलाकात, चार साल से रिश्ते में

रिपोर्ट के मुताबिक टैन और उसकी प्रेमिका की मुलाकात सबसे पहले कॉलेज के दौरान हुई थी। दोनों पिछले चार साल से रिश्ते में हैं। टैन ने बताया कि ट्रैफिक के दौरान रास्ता पाने और अपनी खुशी दूसरे लोगों के साथ साझा करने के लिए उसने यह बैनर लगाया था।

टैन के मुताबिक उसकी प्रेमिका को इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह अचानक पहुंचकर शादी का प्रस्ताव रखने वाला है। जब वह वहां पहुंचा तो उसे देखकर प्रेमिका हैरान रह गई।

साढ़े 12 घंटे में तय की 932 किलोमीटर की दूरी

रिपोर्ट्स के अनुसार टैन ने जियांग्शी से गुइझोऊ तक 932 किलोमीटर का सफर अकेले कार चलाकर लगभग साढ़े 12 घंटे में पूरा किया। वहां पहुंचकर उसने अपनी प्रेमिका को प्रपोज किया और उसने खुशी-खुशी उसका प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। इसके बाद 26 फरवरी को दोनों साथ में जियांग्शी लौट आए।

टैन ने बताया कि हाईवे पर लगे बैनर से प्रभावित होकर कई ड्राइवरों ने स्वेच्छा से उसके लिए रास्ता बना दिया। कुछ लोगों ने हॉर्न बजाकर भी अपनी खुशी जताई। यहां तक कि लंबी ट्रैफिक लाइन के दौरान एक ड्राइवर अपनी कार से बाहर निकलकर उसे बधाई देने भी पहुंच गया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------