राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत छात्रों का शैक्षिक भ्रमण, इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला में देखा अंतरिक्ष का अद्भुत संसार

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत ब्लॉक संसाधन केंद्र परसपुर द्वारा चयनित 100 विद्यार्थियों को शैक्षिक एक्सपोजर विजिट के तहत लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला का भ्रमण कराया गया। यह शैक्षिक यात्रा खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रभूषण पांडे के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अंतरिक्ष और सौर मंडल से जुड़ी रोचक जानकारियां प्राप्त कीं।

डिजिटल 4K तकनीक से अंतरिक्ष की रोमांचक यात्रा
भ्रमण के दौरान छात्रों ने इंदिरा गांधी तारामंडल में आयोजित 3डी शो का आनंद लिया, जो अब आधुनिक डिजिटल 4K तकनीक पर आधारित है। इस शो में कंप्यूटरीकृत प्रोजेक्शन सिस्टम के माध्यम से ब्रह्मांड और अंतरिक्ष से जुड़े रहस्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। इस अद्भुत प्रस्तुति ने बच्चों को आभासी अंतरिक्ष यात्रा का अनुभव कराया, जिसमें वे तारों, ग्रहों और आकाशगंगाओं को बेहद करीब से देख सके।
ज्ञानवर्धन के साथ मनोरंजन का भी मिला अवसर

विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि यह शो दर्शकों को अंतरिक्ष की आभासी यात्रा पर ले जाता है, जहां उन्हें सौर मंडल और ब्रह्मांड के रहस्यों के बारे में रोचक तरीके से जानकारी मिलती है। उनके अनुसार यह कार्यक्रम बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञानवर्धन का भी एक प्रभावी माध्यम है, जिससे उनमें विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और रुचि बढ़ती है।
शिक्षकों और अधिकारियों का रहा सहयोग
इस शैक्षिक भ्रमण में नोडल अध्यापक के रूप में कुमार चतुर्वेदी, प्रदीप कुमार सिंह और अजय यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं एआरपी सुशील कुमार मिश्रा के साथ राम धीरज मिश्रा, आलोक कुमार सिंह, अमृता रस्तोगी, क्षमा रस्तोगी, राघवेंद्र आर्या, मनोज कुमार सिंह, प्रेम किशोर तिवारी तथा श्रीमती श्वेता सिंह ने विद्यार्थियों के भ्रमण और जलपान व्यवस्था में सहयोग प्रदान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी नई जानकारियां हासिल कीं और इस शैक्षिक यात्रा को यादगार बताया।
