डीएम ने फार्मर रजिस्ट्री के प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी, सभी किसानों को योजना से जोड़ने का अभियान तेज

गोण्डा, 10 मार्च 2026। जनपद के सभी किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से आच्छादित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट परिसर से फार्मर रजिस्ट्री के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के प्रति जागरूक करना और उन्हें इससे जुड़ी सुविधाओं का लाभ दिलाना है।

जिले के सभी विकासखण्डों में किसानों को किया जाएगा जागरूक
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रचार वाहन जिले के सभी विकासखण्डों में पहुंचकर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लाभों के बारे में जानकारी देगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, धान और गेहूं की सरकारी खरीद, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड समेत खेती से जुड़ी अधिकांश सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही दिया जाएगा। इसलिए सभी किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अत्यंत आवश्यक है।
जनसेवा केंद्र और मोबाइल के माध्यम से भी कर सकते हैं रजिस्ट्री
उन्होंने बताया कि किसान जनसेवा केंद्र के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। इसके अलावा कृषि, राजस्व और पंचायत विभाग के कर्मचारी भी किसानों को रजिस्ट्री कराने में सहयोग कर रहे हैं। किसान चाहें तो अपने मोबाइल फोन पर फार्मर रजिस्ट्री का लिंक डाउनलोड कर स्वयं भी पंजीकरण कर सकते हैं।

जिले में 70 प्रतिशत से अधिक किसानों का हो चुका पंजीकरण
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप जनपद में अब तक 70 प्रतिशत से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। अगस्त माह में जहां यह प्रगति 49 प्रतिशत थी, वहीं अब यह बढ़कर 70.36 प्रतिशत तक पहुंच गई है। पिछले छह माह के दौरान लगभग एक लाख अतिरिक्त किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री कराई है और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।
अधिकारियों की मौजूदगी में शुरू हुआ अभियान
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, उपनिदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर, एसडीओ कृषि शिव शंकर चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस अभियान से जल्द ही जिले के शतप्रतिशत किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ा जा सकेगा।
