Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, 194 पासपोर्ट और 6.22 लाख रुपये बरामद

गोंडा। जनपद में विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने इस मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 194 पासपोर्ट, 6,22,000 रुपये नकद और एक स्कॉर्पियो कार बरामद की है।

एसपी के निर्देश पर चल रही थी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमजद करीम और सुनील गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से बड़ी संख्या में पासपोर्ट, नकदी और एक स्कॉर्पियो वाहन (UP53FL4414) बरामद किया है।

रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगे लाखों रुपये

पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली नगर में कई लोगों ने एक जैसे ठगी के मामलों में अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई थीं। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि मुख्य आरोपी विवेक कुमार उर्फ शमशाद खान और उसके सहयोगियों ने “मल्टी इंटरनेशनल इमीग्रेशन काउंसिल/काउंसिलिंग” नाम से कार्यालय खोल रखा था।

यह गिरोह लोगों को रूस (मास्को) में नौकरी दिलाने के नाम पर वीजा बनवाने का झांसा देता था। आरोपियों ने फर्जी वीजा एग्रीमेंट और ऑफर लेटर दिखाकर लोगों से लाखों रुपये वसूले। बाद में उन्हें दिल्ली और लखनऊ एयरपोर्ट बुलाकर पासपोर्ट ले लिए और संपर्क बंद कर दिया।

पहले ही गिरफ्तार हो चुका है मुख्य आरोपी

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी विवेक कुमार उर्फ शमशाद खान को पहले ही नेताजी सुभाष चन्द्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर ही अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

इसी क्रम में 15 मार्च 2026 को थाना कोतवाली नगर पुलिस ने अमजद करीम और सुनील गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से

  • 194 पासपोर्ट
  • 6,22,000 रुपये नकद
  • एक स्कॉर्पियो वाहन (UP53FL4414)
  • रियलमी मोबाइल फोन (2 सिम सहित)
  • आईफोन-14 मोबाइल फोन (सिम सहित)

बरामद किए गए हैं।

पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल रवि प्रकाश यादव और कांस्टेबल राजेश कुमार की टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------