‘शीश महल’ का बदलेगा इस्तेमाल! केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास को गेस्ट हाउस और सांस्कृतिक केंद्र बनाने की तैयारी
नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड वाला सरकारी आवास अब नए उपयोग के लिए तैयार किया जा रहा है। भाजपा जिस बंगले को लंबे समय से ‘शीश महल’ कहकर निशाना बनाती रही है, उसे दिल्ली सरकार सरकारी गेस्ट हाउस और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में प्रस्ताव जल्द ही दिल्ली कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद होगा अंतिम फैसला

सरकारी सूत्रों के अनुसार, यदि कैबिनेट से मंजूरी मिल जाती है तो इस परिसर को आधिकारिक तौर पर दिल्ली सरकार का गेस्ट हाउस घोषित किया जाएगा। साथ ही यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न आयोजनों के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के खाली होने के बाद सरकार इसके उपयोग को लेकर कई विकल्पों पर विचार कर रही थी। लंबी चर्चा के बाद इसे गेस्ट हाउस और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव सबसे उपयुक्त माना गया।
दिल्ली सरकार के पास नहीं है स्थायी गेस्ट हाउस
सरकार का कहना है कि फिलहाल दिल्ली सरकार के पास अपना कोई स्थायी सरकारी गेस्ट हाउस नहीं है। ऐसे में इस भवन का उपयोग सरकारी मेहमानों के ठहरने, आधिकारिक बैठकों और अन्य प्रशासनिक कार्यक्रमों के लिए किया जा सकेगा। इसके अलावा परिसर में सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन की भी व्यवस्था प्रस्तावित है।
‘शीश महल’ को लेकर पहले भी रहा राजनीतिक विवाद
सिविल लाइंस स्थित यही सरकारी आवास भाजपा के निशाने पर रहा है। भाजपा ने मुख्यमंत्री रहते अरविंद केजरीवाल पर इस बंगले के पुनर्निर्माण, साज-सज्जा और लग्जरी सुविधाओं पर सरकारी धन के अत्यधिक खर्च का आरोप लगाया था और इसे ‘शीश महल’ नाम दिया था। पार्टी ने इस मामले में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप भी लगाए थे।
हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इन सभी आरोपों को लगातार राजनीतिक करार देते हुए खारिज किया है।

मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद से खाली है बंगला
अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से यह सरकारी आवास खाली पड़ा है। अब दिल्ली सरकार इसे सार्वजनिक और सरकारी उपयोग में लाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
फिलहाल लोधी एस्टेट में रह रहे हैं केजरीवाल
वर्तमान में अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली के 95, लोधी एस्टेट स्थित टाइप-7 सरकारी बंगले में रह रहे हैं। यह आवास उन्हें केंद्र सरकार की ओर से आवंटित किया गया है। इस बंगले में पांच बेडरूम और चार बैठक कक्ष हैं।
केजरीवाल पहले कह चुके हैं कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में उनकी जिम्मेदारियों और अदालत के निर्देशों को देखते हुए उन्हें यह आवास उपलब्ध कराया गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद वह कुछ समय तक पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को आवंटित सरकारी आवास में रहे थे।
मामले पर सियासत भी तेज
नई दिल्ली विधानसभा सीट से पिछले चुनाव में अरविंद केजरीवाल को हराने वाले भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जनता ने आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर राजधानी की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।
