17 अप्रैल को दिल्ली में मनाया जाएगा चंद्र शेखर जन्मशती समारोह, देशभर के समाजवादी नेताओं का जुटान

नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और प्रखर समाजवादी विचारक चंद्र शेखर की जन्म शती के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। चंद्र शेखर जन्मशती समारोह समिति के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विजय श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस श्रृंखला का पहला प्रमुख आयोजन 17 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।

मावलंकर हॉल में होगा मुख्य आयोजन
बताया गया कि यह समारोह 17 अप्रैल को अपराह्न 3 बजे से मावलंकर हॉल, रफी मार्ग स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब, नई दिल्ली में आयोजित होगा। कार्यक्रम में देशभर से समाजवादी विचारधारा से जुड़े नेता, कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी शामिल होंगे।
यशवंत सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजन

इस जन्मशती समारोह आयोजन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और वरिष्ठ समाजवादी विचारक यशवंत सिन्हा जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वहीं, कार्यक्रम के संयोजक समाजवादी चिंतक अरुण कुमार श्रीवास्तव हैं, जो आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
समाजवादी विचारधारा पर होगा मंथन
आयोजन के दौरान चंद्र शेखर के राजनीतिक जीवन, उनके समाजवादी विचारों और देश की राजनीति में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम को देश में समाजवादी विचारधारा के पुनर्स्मरण और उसके प्रसार के रूप में देखा जा रहा है।
