Featured NewsTop Newsउत्तर प्रदेश

महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में व्यक्तित्व विकास के विविध आयाम पर विशेष व्याख्यान का आयोजन

बरेली, 16अप्रैल। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग के तत्वावधान में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने हेतु एक विशेष व्याख्यान का आयोजन माननीय कुलपति जी की प्रेरणा से विभागीय सभागार में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. अनूप अग्रवाल रहे, जो एक प्रभावशाली व्यक्तित्व के धनी हैं। उनके पास भारतीय वायु सेना तथा बैंकिंग क्षेत्र का व्यापक अनुभव है और वे लगभग 20 वर्षों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। अपने उद्बोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को आत्म-पहचान, इच्छाशक्ति के विकास तथा व्यक्तित्व में निखार लाने के विभिन्न आयामों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उनके विचारों से विद्यार्थियों को प्रेरणा मिली तथा उन्होंने जीवन में सकारात्मक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो. संतोष अरोड़ा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व में नए आयाम जोड़ने तथा शैक्षिक के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन को भी उत्कृष्ट बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के संयोजक प्रो. सुधीर कुमार वर्मा रहे। उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा सत्र 2025-2026 में आयोजित विभिन्न व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों की जानकारी विद्यार्थियों को दी और बताया कि इन्हें अपने जीवन में कैसे आत्मसात किया जाए।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के शिक्षकगण—प्रो. अंजू अग्रवाल, डॉ. तरुण राष्ट्रीय, डॉ. प्रतिभा सागर, डॉ. प्रेमपाल सिंह, डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. रामबाबू, डॉ. मीनाक्षी द्विवेदी एवं डॉ. विमल कुमार आदि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में एम.एड. द्वितीय सेमेस्टर एवं चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन एम.एड. चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा जयति शुक्ला द्वारा किया गया।

माननीय कुलपति प्रो. के.पी. सिंह का संदेश :-
“व्यक्तित्व विकास केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों और सामाजिक सजगता का समग्र विकास है। मैं शिक्षा विभाग के इस सराहनीय प्रयास की सराहना करता हूँ। विद्यार्थी ऐसे आयोजनों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएँ और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------