आत्मनिर्भर भारत हेतु टेक्नो नेशनलिज्म और इकोनोमिक पैट्रियोटिज्म को दें बढ़ावा – प्रो. राज कुमार मित्तल

बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में दिनांक 4 मई को टेड एक्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इसके अतिरिक्त विशिष्ट अतिथि के तौर पर श्री शिशिर दीक्षित एवं डॉ.विजेंद्र चौहान, टेड एक्स मेंटर प्रो. संजय कुमार द्विवेदी, प्रो. सार्तिक बाघ, सेंटर फॉर स्टडी ऑफ सोशल इंक्लूजन, बीबीएयू की डॉयरेक्टर प्रो. जया श्रीवास्तव एवं फैकल्टी कार्डिनेटर डॉ. पारिस्मिता मोहंती उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं बाबासाहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके पश्चात आयोजन समिति की ओर से विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट करके उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। सर्वप्रथम प्रो. संजय कुमार द्विवेदी ने सभी को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रुपरेखा से अवगत कराया।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की केंद्रीय भूमिका पर विशेष जोर दिया और कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक युवा को सक्रिय रूप से योगदान देना होगा। उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण हेतु स्वदेशी वस्तुओं और विचारधाराओं को बढ़ावा देना, वोकल फॉर लोकल जैसी पहलों को अपनाना, तथा टेक्नो नेशनलिज्म और इकोनॉमिक पैट्रियोटिज्म को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है जब देश की अर्थव्यवस्था 30 ट्रिलियन डॉलर के स्तर तक पहुंचे। इसके लिए युवाओं को केवल नौकरी खोजने तक सीमित न रहकर रोजगार सृजक बनना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में मौजूद असमानताओं को दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम शिक्षा है। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय विकास प्रक्रिया तथा समावेशी विकास में महिलाओं की भागीदारी पर प्रकाश डाला। प्रो. मित्तल ने पर्यावरणीय चुनौतियों जैसे ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण संरक्षण पर भी गंभीरता से विचार रखने की आवश्यकता बताई और कहा कि हमें नए-नए नवाचारों पर ध्यान केंद्रित करना होगा। भारत की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय भारत वैश्विक जीडीपी का 25-30 प्रतिशत हिस्सा था, लेकिन विदेशी आक्रमणों के कारण यह स्थिति कमजोर हुई। उस गौरव को पुनः प्राप्त करने के लिए हर क्षेत्र में संतुलन बनाए रखते हुए मजबूत अर्थव्यवस्था का निर्माण जरूरी है, ताकि देश बाहरी आघातों का सामना कर सके। उन्होंने आयुर्वेद और यूनानी जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के महत्व को भी रेखांकित किया तथा अनुसंधान एवं विकास (R&D) में क्रिटिकल थिंकिंग की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज के साथ सार्थक रूप से जुड़ना चाहिए, स्थानीय समस्याओं को समझकर उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करना चाहिए, ताकि आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार किया जा सके।
प्रो. जया श्रीवास्तव ने कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा के विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि जब महिलाएं सुरक्षित होंगी, तभी वे प्रगति कर पाएंगी और अपनी सामाजिक एवं कार्यस्थलीय परिस्थितियों में सकारात्मक परिवर्तन ला सकेंगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं को नीति निर्माण और निर्णय लेने जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में सक्रिय रूप से शामिल किया जाना चाहिए, ताकि एक सुरक्षित, समान और सशक्त समाज का निर्माण हो सके।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों द्वारा ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक व्याख्यान प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने कार्यक्रम को बौद्धिक रूप से समृद्ध बनाया। साथ ही, विभिन्न प्रतिभाशाली कलाकारों द्वारा नृत्य, गायन, लोक नृत्य एवं जादू शो जैसी रंगारंग प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह और जीवंतता का संचार किया गया।
समस्त कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षक, गैर शिक्षण कर्मचारी, टेड एक्स टीम के सदस्य, विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोग, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।


