पेट्रोल-डीजल फिर हुआ महंगा, 3 रुपये प्रति लीटर बढ़े दाम; इंदौर समेत कई शहरों में असर
नई दिल्ली : ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार सुबह आम लोगों को बड़ा झटका लगा, जब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रति लीटर 3 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई। नई कीमतें 15 मई 2026 से लागू हो गई हैं, जिसके बाद देशभर में ईंधन महंगा हो गया है।
मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव और कच्चे तेल की आपूर्ति पर असर के बीच भारत में यह पहली बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील कर चुके हैं। उन्होंने वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने और निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करने की सलाह दी थी।

दिल्ली समेत महानगरों में बढ़ी कीमतें
नई दरों के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल अब 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल की कीमत बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जिसमें करीब 3.29 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपये और चेन्नई में 103.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
डीजल की बात करें तो कोलकाता में इसकी कीमत 95.13 रुपये प्रति लीटर हो गई है। मुंबई में डीजल 93.14 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
इंदौर में भी महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में भी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर देखने को मिला है। पहले यहां पेट्रोल 106.58 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था, जो अब बढ़कर 109.58 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
वहीं डीजल की कीमत पहले 91.97 रुपये प्रति लीटर थी, जो अब बढ़कर 94.97 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
भोपाल में पेट्रोल 109 रुपये के पार

राजधानी भोपाल में भी नई दरें लागू होने के बाद पेट्रोल की कीमत 109.08 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। इससे पहले यहां पेट्रोल 106.68 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था।
डीजल की कीमत भी बढ़कर 94.98 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि पहले यह 91.87 रुपये प्रति लीटर थी।
मिडिल-ईस्ट तनाव का असर भारत पर
विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान-अमेरिका तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर लगी पाबंदियों की वजह से कच्चे तेल के आयात-निर्यात पर असर पड़ा है। इसके चलते वैश्विक बाजार में तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सरकार लगातार लोगों से जरूरत से ज्यादा ईंधन इस्तेमाल न करने की अपील कर रही है। माना जा रहा है कि अगर अंतरराष्ट्रीय हालात और बिगड़ते हैं, तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
दिलीप घोष ने क्या कहा?
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से दुनिया युद्ध और संकट के दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक हालात का असर हर देश पर पड़ रहा है, लेकिन भारत में कीमतों को नियंत्रित रखने की कोशिश की गई है।
