Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

आईवीआरआई में चल रहे पांच दिवसीय “सूकर पालन पर उद्यमिता विकास कार्यक्रम “का सफलतापूर्वक आयोजन

बरेली, 22 मई। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), इज्जतनगर के एग्री-बिजनेस इन्क्यूबेशन (एबीआई) केन्द्र एवं पशुधन उत्पादन एवं प्रबंधन (एलपीएम) अनुभाग द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय “सूकर पालन पर उद्यमिता विकास कार्यक्रम” का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार एवं दिल्ली सहित चार राज्यों से आए प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. रूपसी तिवारी (संयुक्त निदेशक, प्रसार शिक्षा) ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सूकर पालन व्यवसाय ग्रामीण युवाओं और किसानों के लिए स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन सकता है। आधुनिक तकनीकों एवं वैज्ञानिक प्रबंधन को अपनाकर इस क्षेत्र में बेहतर आय अर्जित की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सूकर प्रबंधन, पोषण, स्वास्थ्य देखभाल, जैव सुरक्षा, प्रजनन प्रबंधन, विपणन एवं वित्तीय सहायता योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं एवं किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से सूकर पालन व्यवसाय अपनाने हेतु प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर एग्री-बिजनेस इन्क्यूबेशन (ABI) केन्द्र के प्रधान अन्वेषक डॉ. बबलू कुमार, कार्यक्रम के संयुक्त संयोजक डॉ. अमित कुमार, एग्री-बिजनेस इन्क्यूबेशन (ABI) केन्द्र के सह-अन्वेषक डॉ. एम. के. सिंह एवं एबीआई टीम उपस्थित रही। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए आईवीआरआई के प्रति आभार व्यक्त किया। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------