Friday, May 29, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेश

बी.ए. हेल्थ इकोनॉमिक्स एवं एम.ए. फाइनेंशियल इकोनॉमिक्स करियर की नई राह : एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में बढ़ती मांग

बरेली,29मई।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में रोजगारोन्मुखी एवं आधुनिक पाठ्यक्रमों की ओर विद्यार्थियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। बदलते वैश्विक आर्थिक परिदृश्य और विशेषज्ञता आधारित शिक्षा की बढ़ती आवश्यकता के बीच विश्वविद्यालय में संचालित बी.ए. हेल्थ इकोनॉमिक्स एवं एम.ए. फाइनेंशियल इकोनॉमिक्स जैसे नवीन पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। ये पाठ्यक्रम छात्रों को स्वास्थ्य एवं वित्तीय क्षेत्र में उभरते अवसरों के अनुरूप दक्षता प्रदान कर रहे हैं।

हेल्थ इकोनॉमिक्स : स्वास्थ्य नीतियों एवं प्रबंधन की नई दिशा –
कोविड-19 महामारी के बाद स्वास्थ्य सेवाओं के आर्थिक विश्लेषण और नीति निर्माण की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की गई है। बी.ए. हेल्थ इकोनॉमिक्स पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को स्वास्थ्य नीतियों, बीमा प्रणाली, अस्पताल प्रबंधन, सार्वजनिक स्वास्थ्य योजनाओं तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग की गहन समझ प्रदान करता है।

इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थी सरकारी स्वास्थ्य विभागों, बीमा कंपनियों, हेल्थकेयर कंसल्टेंसी, गैर-सरकारी संगठनों तथा अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर करियर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर भोला खान ने कहा कि “हेल्थ इकोनॉमिक्स छात्रों को स्वास्थ्य सेवाओं की लागत, प्रभावशीलता एवं नीति निर्माण का विश्लेषण करने में सक्षम बनाता है, जिससे वे समाजहित में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।”

फाइनेंशियल इकोनॉमिक्स : बैंकिंग एवं निवेश क्षेत्र में सुनहरे अवसर-
वर्तमान समय में वित्तीय बाजारों, डेटा एनालिटिक्स और आर्थिक मॉडलिंग की बढ़ती मांग को देखते हुए एम.ए. फाइनेंशियल इकोनॉमिक्स विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी पाठ्यक्रम सिद्ध हो रहा है। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को वित्तीय बाजार, निवेश विश्लेषण, बैंकिंग संचालन, आर्थिक नीति निर्माण एवं वैश्विक वित्तीय चुनौतियों की समझ विकसित करने में सक्षम बनाता है।

इस पाठ्यक्रम के उपरांत विद्यार्थी बैंकिंग सेक्टर, स्टॉक मार्केट, म्यूचुअल फंड कंपनियों, वित्तीय सलाहकार संस्थानों एवं सरकारी आर्थिक विभागों में उत्कृष्ट करियर बना सकते हैं।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने कहा,
“महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को समय की मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। बी.ए. हेल्थ इकोनॉमिक्स एवं एम.ए. फाइनेंशियल इकोनॉमिक्स जैसे पाठ्यक्रम युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसा शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है, जहाँ वे ज्ञान, कौशल और नवाचार के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दे सकें।”

एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में इन पाठ्यक्रमों की बढ़ती मांग इस बात का प्रमाण है कि आज का युवा रोजगारोन्मुखी और विशेषज्ञता आधारित शिक्षा को प्राथमिकता दे रहा है। आने वाले समय में ऐसे नवाचारपूर्ण पाठ्यक्रम शिक्षा जगत में नए आयाम स्थापित करेंगे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------