जिलाधिकारी ने पेश की मानवता और समाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल: भीषण गर्मी के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने अपने आवास के बाहर लगवाया वाटर कूलर, आमजन को मिलेगा शुद्ध शीतल जल

बरेली, 30 मई।भीषण गर्मी और हीटवेव के दृष्टिगत जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आवास के बाहर वाटर कूलर लगवाया गया है। जिलाधिकारी द्वारा कल फीता काटकर और नारियल फोड़कर वाटर कूलर का उद्घाटन किया गया।

इस पहल का उद्देश्य राहगीरों, श्रमिकों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से विभिन्न कार्यों हेतु आने वाले नागरिकों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है, जिससे भीषण गर्मी के दौरान उन्हें राहत मिल सके तथा गर्मी से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की संभावना को कम किया जा सके।
वर्तमान समय में तापमान में निरंतर वृद्धि हो रही है, ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि मानवता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए जरूरतमंद लोगों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने में अपना योगदान दें। जनपदवासियों से भी अपील की कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर यथासंभव पेयजल की व्यवस्था करें तथा पक्षियों एवं पशुओं के लिए भी पानी उपलब्ध कराएं।

यह व्यवस्था जनहित एवं लोककल्याण की भावना से की गई है, जिससे आमजन को भीषण गर्मी के दौरान राहत मिल सके और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा मिले।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमारी वर्मा व अन्य कलेक्ट्रेट कर्मी उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
