Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त ने चकरौत में लिया तैयारियों का जायजा

गोंडा: मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मा० मुख्यमंत्री के गोण्डा जिले की कर्नलगंज तहसील के चकरौत में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ आईजी अमित पाठक और जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन भी मौजूद रहीं। मंडलायुक्त ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा स्वच्छता से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण की जाएं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

समयबद्ध और समन्वित तैयारी के निर्देश

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तय समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करें।

पंचायत भवन और स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण

निरीक्षण के क्रम में मंडलायुक्त ने पंचायत भवन पैरौरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज का भी दौरा किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और तैयारियों की स्थिति से अवगत कराया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------