राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय (आरजीएनएयू), फुरसतगंज, अमेठी में विभिन्न जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. भृगु नाथ सिंह द्वारा वृक्षारोपण कर किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. भृगु नाथ सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय ऐसे मानव संसाधन तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक, उत्तरदायी एवं संवेदनशील हों। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को केवल एक अभियान के रूप में नहीं, बल्कि जीवन की लय और जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी से प्रकृति के अनुकूल जीवन अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक आचरण में शामिल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. अनूप कुमार ने पर्यावरण संबंधी समकालीन चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरणीय चिंताओं के प्रति संवेदनशील रहने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, वित्त अधिकारी, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की व्यापक सहभागिता रही। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और समाज में पर्यावरणीय चेतना का प्रसार करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. मधुका रॉय, संकाय सदस्य द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
विश्व पर्यावरण दिवस का यह आयोजन राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय की पर्यावरणीय उत्तरदायित्व, सतत विकास एवं हरित परिसर निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


