UP Police भर्ती परीक्षा पर कड़ी नजर! डीआईजी अशोक कुमार ने बहराइच के परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

बहराइच : उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में देवीपाटन परिक्षेत्र, गोंडा के पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार ने बुधवार को बहराइच जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया और परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
प्रवेश व्यवस्था से लेकर सीसीटीवी निगरानी तक की जांच
निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की चेकिंग प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी कर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश

डीआईजी अशोक कुमार ने परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष बनी रहे।
सॉल्वर गैंग और नकल माफियाओं पर रहेगी पैनी नजर
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवांछनीय गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जाए। विशेष रूप से सॉल्वर गैंग, नकल माफियाओं और अन्य गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा किसी भी अनियमितता की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
