G7 समिट में PM मोदी-जेलेंस्की की अहम मुलाकात, भारत का साफ संदेश- ‘हमेशा शांति और इंसानियत के साथ’
एवियन: फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक हुई। इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने भारत-यूक्रेन संबंधों, आर्थिक सहयोग और विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि भारत हमेशा शांति के पक्ष में खड़ा रहेगा और मानवता को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए कहा कि हाल के वर्षों में भारत और यूक्रेन के बीच संवाद और सहयोग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक बदलाव दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है और बैठक के दौरान इन्हीं पहलुओं की समीक्षा की गई।

व्यापारिक रिश्तों को पुराने स्तर पर लाने पर सहमति
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच इस बात पर सहमति बनी है कि व्यापारिक संबंधों को युद्ध पूर्व स्थिति तक वापस लाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने दोहराया कि भारत शांति की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है और हर परिस्थिति में इंसानियत को प्राथमिकता देता रहेगा।
जेलेंस्की बोले- भारत के साथ सहयोग की अपार संभावनाएं
बैठक के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी भारत के साथ संबंधों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत और यूक्रेन के बीच सहयोग की बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं और दोनों देश पहले से ही कई संयुक्त परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं।
जेलेंस्की ने कहा कि चर्चा के दौरान इन परियोजनाओं को और मजबूत बनाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग का दायरा बढ़ाने पर विचार किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेन के साथ पारस्परिक हितों पर आधारित संबंधों को आगे बढ़ाने में रुचि रखते हैं और मानते हैं कि यह साझेदारी दोनों देशों के लोगों को लाभ पहुंचा सकती है।
संयुक्त परियोजनाओं को लेकर आगे बढ़ेगी बातचीत

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि कई औद्योगिक और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं, जिन पर दोनों देश मिलकर काम कर सकते हैं। इसके लिए दोनों देशों की टीमों को आवश्यक विषयों पर आगे समन्वय और कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
ट्रंप और यूरोपीय नेताओं से मुलाकात के बाद हुई बैठक
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की की यह मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के साथ हुई बैठकों के तुरंत बाद हुई। जी7 सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक मुद्दों के साथ-साथ समुद्री सुरक्षा और नाविकों की सुरक्षा का विषय भी प्रमुखता से उठाया।
पिछले साल हुई थी आखिरी सीधी बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वोलोदिमिर जेलेंस्की के बीच आखिरी सीधी बातचीत पिछले वर्ष 30 अगस्त को टेलीफोन पर हुई थी। अब जी7 सम्मेलन के दौरान हुई यह मुलाकात दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
