बीती रात सैटेलाइट बस स्टैंड पर ठेले के नीचे मिला मासूम शिशु ,थाना बारादरी एवं चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 ने बचाई जिंदगी; परिजनों की तलाश जारी

बरेली,06जुलाई।मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए थाना बारादरी बरेली की टीम ने बीती रात लगभग 1:30 बजे सैटेलाइट बस स्टैंड पर एक ठेले के नीचे लावारिस अवस्था में मिले एक मासूम शिशु को सुरक्षित रेस्क्यू किया। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुँची और बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
रेस्क्यू के उपरांत शिशु को थाना बारादरी के माध्यम से नियमानुसार सुरक्षित सुपुर्द किया गया। प्रथम दृष्टया बच्चे के माता-पिता अथवा परिजनों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। इसके बाद चाइल्ड हेल्प लाइन टीम ने शिशु को न्यायपीठ, बाल कल्याण समिति, बरेली के समक्ष प्रस्तुत किया, जहाँ उसके संरक्षण एवं देखभाल के संबंध में आवश्यक आदेश प्राप्त किए गए एवं बच्चे को राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई में प्रवेशित कराया गया।
चाइल्ड हेल्प लाइन 1098, बरेली ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस शिशु के माता-पिता, परिजनों अथवा इसकी गुमशुदगी से संबंधित कोई भी जानकारी हो, तो तत्काल चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 या थाना बारादरी, बरेली को सूचित करें। आपकी एक सूचना इस मासूम को उसके परिवार से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
चाइल्ड हेल्प लाइन ने नागरिकों से यह भी अनुरोध किया है कि यदि कहीं कोई बच्चा असहाय, लावारिस या संकट की स्थिति में दिखाई दे, तो बिना देर किए 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

