Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा दीक्षोत्सव के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन : विद्यार्थियों ने आकर्षक और संदेशपरक चित्र बना कर किया सृजनात्मकता का प्रदर्शन

 


बरेली,08 जुलाई । 24 वें दीक्षांत पूर्व प्रतियोगिताओं की श्रृंखला में महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र द्वारा कुलाधिपति श्रीमती आनंदी बेन पटेल जी के संरक्षण तथा कुलपति प्रो. के.पी.सिंह जी के मार्गदर्शन में दिनांक 1 से 15 जुलाई 2026 तक गोद लिए गए गावों के प्राथमिक से इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं की श्रृंखला में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका विषय प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण रहा। कुलपति प्रो.के. पी.सिंह ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि चित्रकला केवल रंगों का संयोजन नहीं, बल्कि विचारों, भावनाओं और संवेदनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति का माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की सृजनात्मक क्षमता, कल्पनाशीलता एवं सौंदर्यबोध को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यार्थी अपनी कला के माध्यम से समाज और राष्ट्र को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास करें।
सांस्कृतिक समन्वयक डॉ.ज्योति पाण्डेय ने बताया कि बच्चो ने प्रकृति के विभिन्न स्वरूपों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उकेरा और उनमें अपनी रचनात्मक के अनुसार रंग भी भरे। आज प्राथमिक विद्यालय लालपुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय ईटोबा बेनीराम और दिशा इंटर कॉलेज दोहरा द्वारा यह प्रतियोगिता करवाई गई है। शेष विद्यालय विभिन्न प्रतियोगिताओं को इसी सप्ताहांत में आयोजित करेंगे। विद्यालयों द्वारा दीक्षोत्सव के आयोजन में पूर्ण सहयोग और भागीदारी की जा रही है तथा विद्यार्थियों द्वारा भी उल्लास के साथ प्रतिभाग किया जा रहा है। आयोजन में कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार चंद्र, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ.ज्योति पाण्डेय, विद्यालयों के प्राचार्या एवं शिक्षक रागिनी पांडे, मधु सिंघल,नुसरत परवीन , तरनप्रीत, कीर्ति वर्मा, मीना गंगवार, श्यामला, राहत अली , मीना आदि द्वारा सहयोग किया जा रहा है।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------