Thursday, July 16, 2026
उत्तर प्रदेशराज्य

महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय में “वृक्षारोपण महायज्ञ–2026” का भव्य आयोजन

बरेली,12 जुलाई।उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशन में महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में आज “वृक्षारोपण महायज्ञ–2026” के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान प्रदेश सरकार की उस विशाल पहल का हिस्सा है, जिसमें 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में एक साथ 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है ।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने परिसर में पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने “वृक्षारोपण महायज्ञ–2026” का औपचारिक उद्घाटन करते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित यह अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ जनसहभागिता का एक सशक्त उदाहरण है। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए, तभी पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सार्थक हो सकेगा । उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक पौधे को एक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने तथा हरित एवं स्वच्छ परिसर के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

शासन के निर्देशों के क्रम में विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थलों पर इस अभियान में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार, बागवानी समन्वयक प्रो. जे.एन. मौर्य, डीन एकेडमिक्स प्रो. एस.के. पांडे, चीफ प्रॉक्टर प्रो. रवीन्द्र सिंह, डीन कृषि प्रो. उपेंद्र, निदेशक शोध प्रो. आलोक श्रीवास्तव, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय, डॉ. विनय वर्मा, श्री तपन वर्मा, सुधाकर मौर्य, सुधांशु शर्मा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, एनएसएस के स्वयंसेवक, कल्चरल क्लब के छात्र-छात्राएँ तथा विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों के विद्यार्थियों ने पौधारोपण किया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए अधिकाधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया । विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस अभियान को जनभागीदारी का प्रभावी माध्यम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।

इस भव्य आयोजन के सफल संचालन हेतु कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “हम माननीय राज्यपाल महोदया का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हैं, जिनके कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारा विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में निरंतर प्रेरित होता है। राज्यपाल महोदया ने हमेशा हरित पहलों को बढ़ावा देने का आह्वान किया है और पौधों को केवल लगाने ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण पर भी बल दिया है । उनके प्रेरणादायी विचारों ने हम सभी को यह संकल्प दिया है कि हम पर्यावरण संरक्षण को एक जन-आंदोलन बनाएँगे । हम उन्हें विश्वास दिलाते हैं कि विश्वविद्यालय परिवार इस दिशा में निरंतर सक्रिय रहेगा और उनके ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के संकल्प को सार्थक करेगा ।”

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------