Tuesday, July 21, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने ली समिति संयोजकों की बैठक

 

बरेली,20 जुलाई। महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के आगामी दीक्षांत समारोह, जो 4 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाना है, की तैयारियों के दृष्टिगत आज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने विश्वविद्यालय के मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन सभागार में विभिन्न समितियों के संयोजकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

बैठक के दौरान कुलपति महोदय ने सभी समितियों से उनके कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा तथा आगामी दीक्षांत समारोह से पूर्व सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस भव्य अवसर पर किसी भी स्तर पर किसी प्रकार की कोताही ना हो और सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से की जानी चाहिए।

कुलपति प्रोफेसर सिंह ने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का सबसे प्रतिष्ठित आयोजन होता है, जिसमें विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाता है। अतः सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मिलकर पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ इस आयोजन को सफल बनाएं।

बैठक में विश्वविद्यालय के कुल सचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव, डीन एकेडमिक्स प्रोफेसर एस.के. पांडे, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर विनय रिशिवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक में मंच संचालन, मंडप निर्माण, अतिथि आगमन, सुरक्षा, मीडिया प्रबंधन, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, उपाधि वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों जैसी विभिन्न समितियों ने अपनी तैयारियों की जानकारी दी। कुलपति ने सभी समितियों को 31 जुलाई तक सभी कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया।

कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने कहा कि “दीक्षांत समारोह हमारे विद्यार्थियों के अकादमिक जीवन का सर्वोच्च उत्सव है। यह न केवल उनकी मेहनत और लगन का प्रतीक है, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता का भी दर्पण है। मुझे पूरा विश्वास है कि सभी समितियाँ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करेंगी और 4 अगस्त को आयोजित होने वाला यह दीक्षांत समारोह अपने आप में एक उदाहरण बनेगा। हम सभी मिलकर इस आयोजन को यादगार, गरिमामय और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------