Sunday, August 30, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोंडा में सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में भव्य ओरिएंटेशन डे, नवप्रवेशी छात्राओं ने मंच पर दिखाई प्रतिभा

गोंडा: सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में 6 अगस्त 2026 को बीए, बीकॉम और एमए प्रथम वर्ष की नवप्रवेशी छात्राओं के लिए भव्य ओरिएंटेशन डे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई छात्राओं को महाविद्यालय के मिशन, उद्देश्यों, कार्यसंस्कृति और शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना रहा, ताकि वे अपने नए शैक्षणिक जीवन की सकारात्मक शुरुआत कर सकें।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद महाविद्यालय की संस्थापिका की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। संगीत विभाग की शिक्षिका डॉ. मनीषा सक्सेना और जया त्रिपाठी के निर्देशन में छात्राओं ने आगंतुकों के स्वागत में स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

प्राचार्या ने छात्राओं को दिया प्रेरणादायी संदेश

प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें प्रेरणादायी संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय सिर्फ डिग्री हासिल करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की एक सशक्त पाठशाला है। उन्होंने छात्राओं से अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास, प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि छात्राएं महाविद्यालय से निकलते समय आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और संवेदनशील नागरिक बनें, ताकि वे अपने परिवार और समाज का गौरव बढ़ा सकें।

महाविद्यालय के नियम और कार्यप्रणाली से कराया परिचित

अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. हरप्रीत कौर ने नवप्रवेशी छात्राओं को महाविद्यालय के नियमों और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने छात्राओं का महाविद्यालय के विभिन्न विषयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और गैरशैक्षणिक स्टाफ से परिचय कराया।

पैरोडी गीत पर नृत्य ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान योग विभाग की शिक्षिका समता धनकानी के निर्देशन में छात्राओं ने पैरोडी गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, कार्यक्रम के दौरान समता धनकानी ने भी पैरोडी गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

रेडियो जॉकी वोकेशनल कोर्स की दी जानकारी

आरजे अदनान ने महाविद्यालय में संचालित वोकेशनल कोर्स रेडियो जॉकी के बारे में नवागत छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को इस पाठ्यक्रम से जुड़ी जानकारी और महाविद्यालय में चल रहे कोर्स के बारे में अवगत कराया।

-------------------------------------------------------------------------------------------

मोबाइल के जिम्मेदार इस्तेमाल पर जोर

महाविद्यालय की व्यवस्थापिका डॉ. आनंदिता रजत ने छात्राओं को महाविद्यालय के विभिन्न नियमों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से मोबाइल फोन के जिम्मेदार और सकारात्मक इस्तेमाल पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मोबाइल आधुनिक शिक्षा का महत्वपूर्ण साधन है, इसलिए छात्राओं को इसका सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने अनावश्यक इस्तेमाल से बचने और मोबाइल के किसी भी प्रकार के दुरुपयोग से दूर रहने की अपील की। साथ ही छात्राओं से महाविद्यालय के अनुशासन और गरिमा को हमेशा बनाए रखने का आग्रह किया।

ओपन स्टेज पर छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

कार्यक्रम के अंतिम चरण में नवप्रवेशी छात्राओं के लिए ओपन स्टेज का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शबा परवीन, श्रेया, अंशिका, संजना, रुचि दुबे, शुभी तिवारी, माही तिवारी और ईशा श्रीवास्तव समेत कई छात्राओं ने गीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं।

छात्राओं की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों की शिक्षकों और छात्राओं ने जमकर सराहना की। प्रस्तुतियों के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से छात्राओं का उत्साह बढ़ाया गया।

पर्सनैलिटी डेवलपमेंट कार्यक्रम की छात्राओं को प्रमाणपत्र

कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रबंध समिति की सदस्य श्रीमती रेखा मोहन और रोमा निगम ने महाविद्यालय में आयोजित पर्सनैलिटी डेवलपमेंट कार्यक्रम में शामिल छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किए।

कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग की मिस मोनिका श्रीवास्तव ने प्रभावशाली शैली में किया। कार्यक्रम का समापन ज्ञानस्थली गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

ज्ञानस्थली परिवार के सदस्य रहे मौजूद

कार्यक्रम में श्रीमती रंजना बंधु, डॉ. नीलम छाबड़ा, डॉ. मौसमी सिंह, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. अमिता श्रीवास्तव, डॉ. आशु त्रिपाठी, डॉ. रश्मि द्विवेदी, डॉ. साधना गुप्ता, कंचनलता पाण्डेय, सुनीता मिश्रा, सुनीता पाण्डेय, अनु उपाध्याय, डॉ. डी. कुमार, डॉ. विमला, डॉ. कुमकुम सिंह, सुषमा सिंह, प्रियंका त्रिपाठी, हिमांशी मिश्रा, तबरेज मंसूरी, राजेश मिश्रा, सुवेन्दु वर्मा, मानवेंद्र श्रीवास्तव समेत समस्त ज्ञानस्थली परिवार उपस्थित रहा।

---------------------------------------------------------------------------------------------------