Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत छात्राओं को मिली पढ़ाई की सुविधा, विधायक और अधिकारियों ने बांटी स्टडी टेबल

गोण्डा: बालिकाओं की शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत बुधवार को विकासखंड बेलसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला कल्याण विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को स्टडी टेबल वितरित की गईं। कार्यक्रम में विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह और जिला प्रोवेशन अधिकारी गौरव मिश्रा मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बेलसर तथा पीएम श्री विद्यालय पूरे दयाल और लौव्वा टेपरा की छात्राओं को स्टडी टेबल दी गईं। इसका उद्देश्य छात्राओं को पढ़ाई के लिए सुविधाजनक और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनकी शैक्षिक जरूरतों को पूरा करते हुए उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।

पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल तैयार करने की पहल

अधिकारियों के मुताबिक, स्टडी टेबल मिलने से छात्राओं को घर या विद्यालय में व्यवस्थित तरीके से अध्ययन करने में सुविधा होगी। इस पहल के जरिए बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ उनके आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में बताया गया कि जिले में इस अभियान की शुरुआत विकासखंड बेलसर से की गई है। आने वाले दिनों में जनपद के अन्य विकासखंडों के विद्यालयों में भी इसी तरह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और पात्र छात्राओं को स्टडी टेबल वितरित की जाएंगी।

बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तीकरण पर जोर

अधिकारियों ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए अलग-अलग स्तरों पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में छात्राओं को उपलब्ध शैक्षिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

-------------------------------------------------------------------------------------------

विधायक ने लक्ष्य हासिल करने के लिए किया प्रेरित

विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने का संदेश दिया।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद और अन्य अधिकारियों ने भी छात्राओं को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया और उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को आवश्यक शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराने, उनकी शिक्षा को बढ़ावा देने और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की पहल की गई।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी बेलसर, सहायक विकास अधिकारी पंचायत बेलसर, संरक्षण अधिकारी महिला कल्याण विभाग चंद्र मोहन, डीसी बेसिक शिक्षा विभाग राजेश सिंह, महिला कल्याण विभाग की जेंडर स्पेशलिस्ट ज्योत्सना सिंह, डीसी शिवेंद्र समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------