Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक भोजन एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता:- जिलाधिकारी

गोण्डा 25 अगस्त,2026*।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आश्रम पद्धति विद्यालय, जेल रोड गोण्डा का निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, अध्ययन कक्ष, किचेन, शौचालय सहित विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता तथा नाश्ते में उपलब्ध कराई जा रही खाद्य सामग्री के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

विद्यालय में भोजन तैयार करा रहे ठेकेदार को जिलाधिकारी ने कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों के खान-पान में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि भोजन की गुणवत्ता में गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित संस्था के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य को कड़े निर्देश दिए कि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन तथा विद्यालय परिसर में बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। साथ ही छात्रों की आवश्यकताओं और समस्याओं पर नियमित रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए।

-------------------------------------------------------------------------------------------

निरीक्षण के दौरान आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में पूर्व से निर्मित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास के रेनोवेशन कार्य का भी जिलाधिकारी ने जायजा लिया। छात्रावास का रेनोवेशन कार्यदायी संस्था यूपी सिडको द्वारा कराया गया है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन एवं कार्यदायी संस्था के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रावास एवं विद्यालय की सभी व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार तत्काल सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि 10 दिवस के भीतर व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी/जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, कार्यदायी संस्था के पदाधिकारी अतुल मिश्रा, विद्यालय प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------