गोण्डा में रसोइयों को बड़ी सौगात, कैशलेस चिकित्सा कार्ड के साथ मानदेय वृद्धि का मिला लाभ

गोण्डा: जिला पंचायत सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की ओर से रसोइयों के हित में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के क्रम में हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन और गोण्डा सांसद/केन्द्रीय विदेश राज्यमंत्री के प्रतिनिधि श्री रमाशंकर मिश्र ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड तथा मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया।

बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की अहम भूमिका
कार्यक्रम में अतिथियों ने रसोइयों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पोषण योजना को सफल बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी रसोइयां निरंतर समर्पण के साथ निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि शासन की ओर से रसोइयों के हित में चिकित्सा सुविधा और मानदेय वृद्धि जैसी पहल की गई है। इससे उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण को मजबूती मिलने के साथ उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा भी बेहतर होगी।
सभी विधानसभाओं में हुआ सम्मान और कार्ड वितरण
जिला मुख्यालय के अलावा जनपद की सभी विधानसभाओं में भी सम्मान एवं वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कटरा बाजार विधानसभा में विधायक श्री बावन सिंह, तरबगंज में विधायक श्री प्रेम नरायन पाण्डेय, गौरा में विधायक श्री प्रभात वर्मा और मेहनौन में विधायक श्री विनय कुमार द्विवेदी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड और मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक वितरित किया।
-------------------------------------------------------------------------------------------
इन कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ी संख्या में रसोइयों को शासन की कल्याणकारी पहल का लाभ मिला और उन्हें सम्मानित किया गया।
बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एडी बेसिक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक राजेश सिंह सहित बेसिक शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और कार्ड एवं चेक वितरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराया।
कार्यक्रम के दौरान रसोइयों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यालयों में बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य की देखभाल में रसोइयों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से दी जा रही सुविधाएं उनके कार्य के प्रति सम्मान और उनके कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

