Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

दिव्यांग बच्चों को मिलेंगे सहायक उपकरण, गोंडा में 204 बच्चों का हुआ परीक्षण; 27 नवंबर को होगा निशुल्क वितरण

गोंडा: समग्र शिक्षा अभियान के तहत परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी उद्देश्य से जिले में समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी की प्रेरणा और मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में बीआरसी पंडरी कृपाल, गोंडा में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम लिमिटेड (एलिम्को), कानपुर के सहयोग से सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।

शिविर का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार सिंह की ओर से किया गया। इसका उद्देश्य 6 से 14 आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा में आने वाली कठिनाइयों को दूर कर उन्हें विद्यालय आने-जाने और पढ़ाई करने में सुविधा उपलब्ध कराना था।

204 बच्चों का हुआ स्वास्थ्य और जरूरतों के अनुसार परीक्षण

जिला समन्वयक, समग्र शिक्षा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आयोजित परीक्षण शिविर में पंडरी कृपाल, इटियाथोक, झंझरी और मुजेहना विकासखंडों के करीब 204 बच्चों ने प्रतिभाग किया।

शिविर में एलिम्को कानपुर से पहुंचे विशेषज्ञों ने बच्चों का परीक्षण किया। इसमें पी एंड ओ अमर बहादुर और अब्दुल रहमान, ऑडियोलॉजिस्ट हरेंद्र कुमार सिंह, डाटा मैन हर्षित तिवारी और टेक्नीशियन गौरव तिवारी शामिल रहे। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक डॉ. संध्या सिंह भी मौजूद रहीं।

दिव्यांग बच्चों को मिलेंगे ट्राई साइकिल, व्हील चेयर और श्रवण यंत्र

-------------------------------------------------------------------------------------------

परीक्षण के बाद बच्चों की जरूरत के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरणों की संस्तुति की गई। इनमें ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, बैसाखी, कैलीपर, श्रवण यंत्र, सीपी चेयर, टीएलएम किट और दृष्टिबाधित बच्चों के लिए ब्रेल किट शामिल हैं।

शिविर में शामिल बच्चों को उपकरणों की संस्तुति के आधार पर रसीद उपलब्ध कराई गई है। इसी के आधार पर 27 नवंबर 2026 को पुनः वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें बच्चों को निशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।

शिक्षकों और कर्मचारियों ने शिविर के सफल आयोजन में दिया सहयोग

शिविर को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में विशेष शिक्षकों चंद्रसेन पाठक, चंद्रशेखर, विनय कुमार सिंह, सुनीत कुमार मिश्रा, रवि प्रताप सिंह, सचिन प्रताप सिंह, अमंजय जायसवाल, अनिमेष चंद्र पांडेय, पुलकित शुक्ला, अंकित शुक्ला, अशोक कुमार, राजेश कुमार शुक्ल, पंचराम, विजय कुमार और रामलाल ने सहयोग दिया।

इसके अलावा बीआरसी के लेखाकार महेश शुक्ला ने भी शिविर के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------