Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

डाकघर के अंदर बैग से 50 हजार 100 रुपये गायब, अभिकर्ता ने अज्ञात व्यक्ति पर लगाया चोरी का आरोप

गोंडा: इटियाथोक थाना क्षेत्र के अयाह गांव निवासी डाक विभाग के अभिकर्ता संत प्यारे तिवारी के बैग से डाकघर परिसर के अंदर ही 50 हजार 100 रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित अभिकर्ता का आरोप है कि वह रकम जमा करने के लिए इटियाथोक कस्बा स्थित डाकघर पहुंचे थे, जहां किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर बैग से नकदी गायब कर दी।

घटना 10 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। रकम चोरी होने के बाद डाकघर परिसर में हड़कंप मच गया। पीड़ित अभिकर्ता मौके पर ही फफक-फफक कर रोने लगे। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और मौजूद लोगों से पूछताछ की।

किसान विकास पत्र और बचत खाते में जमा करनी थी रकम

पीड़ित संत प्यारे तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पहले डाक विभाग में कर्मचारी थे और अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वर्तमान में वह डाकघर की बचत योजनाओं से जुड़े कार्यों के लिए अभिकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वह किसान विकास पत्र और एसबी खाते में नया खाता खोलने के साथ धनराशि जमा करने के लिए 50 हजार 100 रुपये नकद लेकर डाकघर पहुंचे थे। उन्होंने जमा प्रक्रिया के लिए जरूरी दस्तावेज और प्रपत्र काउंटर पर जमा किए, लेकिन कार्यालय में अधिक काम होने के कारण तत्काल रकम जमा नहीं हो सकी।

इसके बाद उन्होंने नकदी को अपने बैग में रखकर डाकघर परिसर में ही बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद वह सामने स्थित काउंटर पर जानकारी लेने गए और वापस लौटे तो बैग की जेब से नकदी गायब मिली।

सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

-------------------------------------------------------------------------------------------

पीड़ित के परिजनों ने डाकघर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि डाकघर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं और सुरक्षा गार्ड की भी व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण चोरी की घटना हुई।

डाकघर में तैनात पोस्टमास्टर कमलेश कुमारी वर्मा ने बताया कि भवन किराए पर होने के कारण वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाया गया है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

पीड़ित ने इटियाथोक थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में उन्होंने आशंका जताई है कि डाकघर के अंदर मौजूद किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है।

इटियाथोक थाना प्रभारी गौरव सिंह तोमर ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------