Thursday, October 8, 2026
Latest:
विदेश

हूतियों के ताजा हमलों से सऊदी अरब में हड़कंप, तीन शहरों के लिए इमरजेंसी अलर्ट; मिसाइल-ड्रोन हमलों में 13 नागरिक घायल

नई दिल्ली: हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर एक बार फिर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं। हूतियों ने दावा किया है कि उन्होंने दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब के खमीस मुशैत में दर्जनों मिसाइलें और ड्रोन दागे। इस दौरान एक सैन्य एयरबेस को निशाना बनाए जाने की बात कही गई है। हमलों में 13 नागरिकों के घायल होने की खबर है। हालांकि, बाद में सऊदी सिविल डिफेंस ने बताया कि खतरा टल गया है।

हालात को देखते हुए सऊदी अधिकारियों ने खमीस मुशैत, आभा और ताइफ समेत कई दक्षिणी शहरों में इमरजेंसी अलर्ट जारी किया है। जेद्दा, आभा और जजान भी अलर्ट वाले इलाकों में शामिल हैं।

सऊदी अरब में हाई अलर्ट, रियाद में आपात बैठकें

हूतियों की ओर से सऊदी अरब पर दोबारा हमले शुरू होने के बाद रियाद में उच्चस्तरीय आपातकालीन बैठकें चल रही हैं। हूती विद्रोहियों की तरफ से ड्रोन और मिसाइल हमलों में लगातार तेजी देखी जा रही है। इसके जवाब में सऊदी अरब और यमन की सेनाएं भी हवाई हमलों के जरिए पलटवार कर रही हैं।

सऊदी सिविल डिफेंस ने लाल सागर के तटीय इलाकों में स्थित यनबू और ताइफ शहरों में खतरे के सायरन बजने की पुष्टि की है। हालात को देखते हुए जेद्दा एयरपोर्ट पर उड़ानों को भी अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

सऊदी हमलों के जवाब में हूतियों का पलटवार

हाल ही में सऊदी अरब ने यमन में एयर स्ट्राइक की थी। इस हमले में विमान हैंगर, रडार सिस्टम, रनवे और गोला-बारूद के डिपो को निशाना बनाया गया था। अब हूतियों ने अपने ताजा हमलों को इसी कार्रवाई का जवाब बताया है।

तेल सप्लाई पर भी बढ़ा संकट

लाल सागर के मुहाने पर स्थित पेरिम द्वीप पर कब्जे के साथ हूतियों की नई बढ़त ने सऊदी अरब के तेल निर्यात पर दबाव बढ़ा दिया है। इससे पहले एक हवाई हमले के कारण सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन ठप हो गई थी।

-------------------------------------------------------------------------------------------

सऊदी अरब ने 1980 के दशक में होर्मुज के विकल्प के तौर पर 1,200 किलोमीटर लंबी यह पाइपलाइन बनाई थी। तेल व्यापारियों के मुताबिक, अगर यह पाइपलाइन लंबे समय तक बंद रहती है तो वैश्विक तेल आपूर्ति में 4 प्रतिशत तक की कटौती हो सकती है। इसके चलते कच्चे तेल की कीमतों में 4 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी देखी गई।

हूती ठिकानों पर सऊदी और यमनी सेना की बमबारी तेज

इस बीच सऊदी और यमनी वायु सेना ने मोचा पोर्ट के आसपास मौजूद हूती ठिकानों पर बमबारी तेज कर दी है। इसके बावजूद हूतियों ने पश्चिमी तट के लगभग पूरे हिस्से पर अपना कब्जा बरकरार रखा है।

ट्रंप को हूतियों ने दी लड़ाई से दूर रहने की सलाह

सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका ने अभी तक सऊदी अरब की प्रत्यक्ष सैन्य हस्तक्षेप की मांग को स्वीकार नहीं किया है और केवल खुफिया मदद दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि हूतियों ने भी अमेरिका से इस लड़ाई से दूर रहने के लिए कहा है।

इसी बीच सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने जेद्दा में अमेरिकी क्षेत्रीय कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों के बीच ताजा हमलों और क्षेत्र की स्थिति को लेकर चर्चा हुई।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------