उत्तर प्रदेशराज्य

सहारनपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, मंदिर के बाहर 12 साल के बच्चे पर झुंड ने किया हमला; मौत, 4 साल का बच्चा भी गंभीर

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आवारा कुत्तों के हमले की 2 अलग-अलग घटनाओं में 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि 4 साल का एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, पहली घटना बेहट क्षेत्र में हुई, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने मन्नू नाम के 12 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां पूजा की तैयारी में व्यस्त थी, तभी हुआ हमला

बेहट थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र दीक्षित के अनुसार, मन्नू अपनी मां राजवती के साथ मंदिर गया था। उसकी मां पूजा की तैयारी में व्यस्त थीं, इसी दौरान मन्नू कुछ दूर चला गया। तभी 4 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, कुत्तों ने बच्चे के चेहरे और गर्दन पर गंभीर रूप से काट लिया। बेटे पर हमला होते देख उसकी मां ने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर बच्चे को उनके चंगुल से छुड़ाया।

इसके बाद मन्नू को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घर के बाहर खेल रहे 4 साल के बच्चे पर भी हमला

-------------------------------------------------------------------------------------------

आवारा कुत्तों के हमले की दूसरी घटना मंगलवार शाम चिलकाना थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर कस्बे के कोठीवाला इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार, 4 वर्षीय शादान अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया।

चिलकाना थाने के प्रभारी निरीक्षक अक्षय शर्मा ने बताया कि हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रारंभिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

लगातार दो घटनाओं से लोगों में चिंता

सहारनपुर में लगातार हुई आवारा कुत्तों के हमले की इन 2 घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रिहायशी इलाकों में घूमने वाले आवारा कुत्तों के झुंड बच्चों समेत अन्य लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------