आईजीआरएस में देवीपाटन मंडल का दबदबा कायम, लगातार सातवीं बार प्रदेश में नंबर-1, सितंबर में मिले 91.82 प्रतिशत अंक

गोण्डा डेस्क: जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में देवीपाटन मंडल ने एक बार फिर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। सितंबर 2026 की आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) रैंकिंग में देवीपाटन मंडल 91.82 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में प्रथम रहा। मंडल की यह उपलब्धि लगातार सातवीं बार शीर्ष स्थान हासिल करने के सिलसिले का हिस्सा है।

इस प्रदर्शन के पीछे शिकायतों की नियमित और सघन मॉनिटरिंग, अधिकारियों की जवाबदेही, शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद और समस्याओं के वास्तविक समाधान पर जोर को प्रमुख आधार माना जा रहा है। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की लगातार निगरानी में गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर में आईजीआरएस से जुड़ी शिकायतों की गहन समीक्षा की जा रही है।
सिर्फ शिकायत का निस्तारण नहीं, समस्या का वास्तविक समाधान प्राथमिकता
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आईजीआरएस पर किसी शिकायत का केवल औपचारिक या कागजी निस्तारण पर्याप्त नहीं है। शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान ही निस्तारण का आधार होना चाहिए।
इसी व्यवस्था के तहत मंडलायुक्त हर महीने रैंडम आधार पर शिकायतकर्ताओं से फोन पर सीधे संवाद कर फीडबैक लेती हैं। इस दौरान यह जानकारी ली जाती है कि शिकायतकर्ता की समस्या वास्तव में दूर हुई है या नहीं। यदि फीडबैक में किसी मामले में केवल औपचारिक निस्तारण या समस्या का समाधान नहीं होने की बात सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं।
इस व्यवस्था से जनशिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिली है।
‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ से महिलाओं की शिकायतों पर विशेष फोकस
महिलाओं और बेटियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए मंडल में संचालित ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ पहल को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर में इस पहल के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना जा रहा है।
संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखने के लिए सहज और प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें जल्द राहत मिल सके और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत हो।
-------------------------------------------------------------------------------------------
मंडलायुक्त की इस पहल को सभी जिलाधिकारियों द्वारा अपनाने और उसकी नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
मार्च से सितंबर तक लगातार रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन
देवीपाटन मंडल का आईजीआरएस पर बेहतर प्रदर्शन लगातार जारी है। मार्च 2026 में मंडल ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया था। अप्रैल में भी प्रथम स्थान रहा, जबकि मई में दूसरा स्थान मिला। इसके बाद जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर 2026 में मंडल ने फिर से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
लगातार शीर्ष स्थान हासिल करना मंडल में शिकायतों की नियमित समीक्षा, लंबित मामलों की सघन मॉनिटरिंग, शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की व्यवस्था को दर्शाता है।
जनविश्वास मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने इस उपलब्धि के लिए मंडल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करना केवल एक रैंकिंग नहीं है, बल्कि जनसमस्याओं के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता, जवाबदेही और प्रतिबद्धता का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक अधिकारी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि शिकायतकर्ता को केवल निस्तारण की सूचना न मिले, बल्कि उसकी समस्या का वास्तविक समाधान भी हो।
