राहुल गांधी के घर दिवाली मिलन में जुटे कांग्रेस के दिग्गज, पांच राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्री भी पहुंचे; ‘वोट चोरी’ पर बनी रणनीति!
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिवाली से पहले शुक्रवार को अपने 5, सुनहरी बाग रोड स्थित आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को चाय पर आमंत्रित किया। दिवाली मिलन के इस कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पांच राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। नेताओं ने इसे त्योहार के मौके पर आपसी मुलाकात और शुभकामनाएं देने का कार्यक्रम बताया। हालांकि, पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस के आगामी अभियान की रणनीति को लेकर भी चर्चा हुई।कार्यक्रम में प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश, सचिन पायलट, कुमारी शैलजा और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मौजूद रहे। इनके अलावा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी पहुंचे। पार्टी के महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्यों और चुनावी राज्यों के नेताओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
‘वोट चोरी’ अभियान को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा
कांग्रेस मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर अपना अभियान आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के बाद राहुल गांधी ने वरिष्ठ नेताओं के साथ इस मुद्दे पर आगे की रणनीति पर बातचीत की। हालांकि, इस बैठक का कोई आधिकारिक एजेंडा जारी नहीं किया गया था।
गौरतलब है कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के नाम हटाए जाने के विरोध में रैली आयोजित की थी। इस दौरान विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई थी।
नेताओं ने कहा- त्योहार पर मिलने-जुलने का कार्यक्रम था
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि यह दिवाली के अवसर पर आपसी मुलाकात का कार्यक्रम था। राहुल गांधी ने सभी नेताओं को आमंत्रित किया था और इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव ने भी इसे पार्टी परिवार के सदस्यों के मिलने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि कई नेता महीनों और वर्षों बाद एक-दूसरे से मिले। वहीं, पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि कार्यक्रम का कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं था। यह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं से मुलाकात का अवसर था।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि राहुल गांधी ने नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की। इस दौरान व्यक्तिगत बातचीत के साथ राजनीति और संगठन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

एसआईआर को लेकर अमित शाह पर कांग्रेस का निशाना
दिवाली मिलन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संसद में एसआईआर पर चर्चा कराने की बात कहने पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब विपक्ष ने पहले इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की थी, तब संसद को तीन दिन तक चलने नहीं दिया गया।
टीएस सिंह देव ने भी आरोप लगाया कि संसद में इस विषय पर चर्चा नहीं होने दी गई। उन्होंने कहा कि बिना समुचित जांच के सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल से मतदाता सूची से लोगों के नाम हटा दिए गए। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने भी कहा कि देश इस मुद्दे पर संसद में चर्चा चाहता है।
रामलीला मैदान की रैली को लेकर भाजपा को दिया जवाब
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एक नवंबर को हुई रामलीला मैदान की रैली को सफल बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान से बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए थे। भाजपा की ओर से रैली को असफल बताए जाने वाले दावों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग मौजूद थे और इसका वीडियो भी उपलब्ध है।
दिल्ली के प्रदूषण पर भी जताई चिंता
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 लागू होने के बाद भी प्रदूषण की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं किया गया तो हालात और बिगड़ सकते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर पड़ रहा है। उन्होंने दिल्ली की पिछली आम आदमी पार्टी सरकार और पिछले दो वर्षों के कामकाज पर भी सवाल उठाए।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
