Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में BBAU की बड़ी छलांग, 801-850 से सीधे 721-730 बैंड में पहुंचा विश्वविद्यालय

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन करते हुए एक नई उपलब्धि हासिल की है। क्वाक्वेरेली साइमंड्स (QS) की ओर से जारी एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में विश्वविद्यालय ने 721-730 बैंड में जगह बनाई है। पिछले वर्ष विश्वविद्यालय 801-850 बैंड में शामिल था। इसके अलावा दक्षिण एशिया क्षेत्रीय रैंकिंग में भी बीबीएयू ने 37 स्थानों का सुधार करते हुए 254वें से 217वें स्थान पर पहुंचने में सफलता हासिल की है।

325 भारतीय संस्थानों में 110वां स्थान

इस वर्ष QS एशिया रैंकिंग में 26 देशों और क्षेत्रों के कुल 1,722 उच्च शिक्षण संस्थानों का मूल्यांकन किया गया। इनमें भारत के 325 संस्थान शामिल थे। भारतीय संस्थानों की सूची में बीबीएयू ने 110वां स्थान हासिल किया है। विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि को लगातार बेहतर होते शैक्षणिक स्तर, शोध कार्यों और संस्थागत प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।

शोध के क्षेत्र में विश्वविद्यालय का शानदार प्रदर्शन

बीबीएयू की रैंकिंग में सुधार के पीछे शोध से जुड़े विभिन्न मानकों का अहम योगदान रहा। पीएचडी धारक शिक्षकों के संकेतक में विश्वविद्यालय ने 100 में से पूरे 100 अंक हासिल किए और एशिया में 48वां स्थान प्राप्त किया। वहीं, प्रति संकाय शोध पत्र के मानक पर 85.9 अंक के साथ विश्वविद्यालय 149वें स्थान पर रहा।

इसके अलावा प्रति शोध पत्र उद्धरण के मामले में 64.7 अंक और अंतरराष्ट्रीय शोध नेटवर्क के संकेतक में 39.9 अंक प्राप्त हुए। ये आंकड़े विश्वविद्यालय में शोध गतिविधियों के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण अकादमिक कार्यों की दिशा में हो रहे प्रयासों को दर्शाते हैं।

कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार को दी बधाई

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने इस उपलब्धि पर शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में विश्वविद्यालय का बेहतर प्रदर्शन पूरे परिवार के सामूहिक प्रयास, समर्पण और प्रतिबद्धता का परिणाम है। विशेष रूप से शोध के मानकों पर मिली सफलता विश्वविद्यालय में मजबूत होती शोध संस्कृति और बेहतर शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाती है।

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को अकादमिक और नियोक्ता प्रतिष्ठा के क्षेत्र में और मजबूती लाने के साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सहभागिता का विस्तार करना होगा। शोध के नए अवसर विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल रैंकिंग में सुधार करना नहीं, बल्कि शिक्षा, शोध, नवाचार और सामाजिक योगदान के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान स्थापित करना है।

सामूहिक प्रयासों से मिली सफलता: प्रो. शिल्पी वर्मा

विश्वविद्यालय की आईक्यूएसी निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा ने कहा कि QS एशिया रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन सभी विभागों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के साझा प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने बताया कि रैंकिंग प्रक्रिया में सही और गुणवत्तापूर्ण आंकड़ों के साथ शोध गतिविधियों तथा शैक्षणिक उपलब्धियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने इस सफलता के लिए कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय परिवार के सहयोग के प्रति आभार जताया।

रैंकिंग सुधार के लिए गठित की गई थी विशेष समिति

QS रैंकिंग के विभिन्न मानकों के अनुरूप विश्वविद्यालय के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया था। इसमें प्रो. शिल्पी वर्मा, प्रो. राजशरण शाही, डॉ. राहुल वार्ष्णेय, डॉ. शालिनी चंद्रा, डॉ. सोमीपेम आर. शिमरे, डॉ. अखिलेश सिंह और डॉ. नीतेश कुमार वर्मा शामिल थे। समिति ने रैंकिंग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुझाव दिए और आवश्यक कार्यों की दिशा तय की। इन्हीं सुझावों और योजनाबद्ध प्रयासों के आधार पर विश्वविद्यालय में रैंकिंग सुधार के लिए विभिन्न कदम उठाए गए।

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be