Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

भारतीय ज्ञान परंपरा और देशज मूल्यों से मजबूत होगी शिक्षा व्यवस्था, बीबीएयू में विशेषज्ञों ने रखे विचार

 

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में बुधवार, 11 नवंबर को राष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली में भारतीय ज्ञान परंपरा और देशज प्रवृत्तियों की भूमिका पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। ऐमीनेंट लेक्चर सीरीज समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘स्वातंत्र्योत्तर भारत में राष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली की देशज प्रवृत्ति: एक दृश्यावलोकन’ रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की, जबकि मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा, बिहार के पूर्व कुलपति एवं शिक्षाविद् प्रो. हरिकेश सिंह शामिल हुए।

कार्यक्रम में डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, ऐमीनेंट लेक्चर सीरीज समिति की अध्यक्ष प्रो. शिल्पी वर्मा, शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. राजशरण शाही और प्रो. सुभाष मिश्रा भी मौजूद रहे। आयोजन की शुरुआत दीप प्रज्वलन और बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विश्वविद्यालय कुलगीत प्रस्तुत किया गया। आयोजन समिति ने अतिथियों और शिक्षकों को पौधे भेंटकर स्वागत किया। प्रो. शिल्पी वर्मा ने स्वागत संबोधन में कार्यक्रम के उद्देश्य और रूपरेखा की जानकारी दी।

भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप हो शिक्षा प्रणाली: कुलपति

कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि किसी भी देश की शिक्षा व्यवस्था उसकी भौगोलिक परिस्थितियों, प्रकृति और सामाजिक जरूरतों के अनुरूप होनी चाहिए। प्राचीन भारत में शिक्षा प्रणाली का प्रकृति और भारतीय ज्ञान परंपरा के साथ गहरा संबंध था। इसी समन्वय के माध्यम से समाज की आवश्यकताओं को पूरा किया जाता था।

उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने अपने व्यावसायिक हितों को ध्यान में रखते हुए भारतीय शिक्षा व्यवस्था में बदलाव किए, जिससे देश की मौलिक सोच और ज्ञान परंपरा प्रभावित हुई। आज भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक मूल्यों के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है।

भारतीय ज्ञान परंपरा को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर

मुख्य वक्ता प्रो. हरिकेश सिंह ने कहा कि भारतीय दर्शन का मूल आधार सम्यकता और देशजता है। बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर देशज चिंतन और भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रमुख संरक्षकों में शामिल थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1835 में मैकाले की शिक्षा नीति के माध्यम से अंग्रेजों ने भारतीयों की मानसिकता और शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया। इसके परिणामस्वरूप भारतीय ज्ञान परंपरा का प्रभाव धीरे-धीरे कम होता गया।

प्रो. सिंह ने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में भारतीय ज्ञान परंपरा को शामिल करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इसके लिए अलग से पाठ्यक्रम तैयार करने के बजाय भारतीय रीति-रिवाजों, परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों को शिक्षा का स्वाभाविक हिस्सा बनाया जाना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति, समाज और प्रकृति के प्रति जागरूक बनाना भी होना चाहिए।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की जिम्मेदारी विकसित करना आवश्यक है।

मैकाले की शिक्षा नीति के उद्देश्य पर भी हुई चर्चा

प्रो. एस. विक्टर बाबू ने मैकाले की शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य ऐसा वर्ग तैयार करना था, जो भारतीय मूल्यों, परंपराओं और संस्कृति से दूर होकर अंग्रेजी सभ्यता एवं संस्कृति से प्रभावित हो। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रयास किए गए।

शिक्षा को भारतीय संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने की जरूरत

प्रो. राजशरण शाही ने कहा कि भारत का स्वतंत्रता संग्राम केवल राजनीतिक आजादी तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें शिक्षा व्यवस्था को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों से जोड़ने का संघर्ष भी शामिल था।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि प्रो. हरिकेश सिंह को स्मृति चिह्न और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be