बीबीएयू में यूपी की ऐतिहासिक विरासत की झलक, विश्व धरोहर सप्ताह पर छायाचित्र प्रदर्शनी शुरू

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। 19 नवंबर को विश्वविद्यालय के गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय में इतिहास विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी 19 से 25 नवंबर 2026 तक विश्वविद्यालय के निर्धारित समय के अनुसार आमजन, विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।
प्रदेश के ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों की तस्वीरें प्रदर्शित
प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के प्रमुख संरक्षित स्मारकों और पुरातात्विक स्थलों के छायाचित्र लगाए गए हैं। इनमें फतेहपुर स्थित रसिक बिहारी लाल जी, वाराणसी का कर्दमेश्वर महादेव मंदिर, लखनऊ का गुलिस्ताने इरम, लखीमपुर खीरी का मेंढक मंदिर, बालाबेहट किला और रसखान की समाधि शामिल हैं।
इसके अलावा चंदौली के मलहर और सोनभद्र के राजा नल का टीला जैसे उत्खनित पुरास्थलों की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई हैं। निदेशालय की ओर से विभिन्न संरक्षित स्मारकों पर कराए जा रहे संरक्षण और अनुरक्षण कार्यों की जानकारी देने वाले छायाचित्र भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं।
युवाओं में विरासत संरक्षण की भावना विकसित करना जरूरी : कुलपति
प्रदर्शनी के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय की निदेशक रेनू द्विवेदी ने कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल को तस्वीरों के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों की जानकारी दी। उन्होंने निदेशालय की ओर से किए जा रहे संरक्षण और अनुरक्षण कार्यों के बारे में भी विस्तार से बताया। इस अवसर पर उन्होंने कुलपति को पौधा और स्मारक का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
कुलपति प्रो. मित्तल ने इस आयोजन के लिए राज्य पुरातत्व निदेशालय और विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने और खासतौर पर युवा पीढ़ी तथा विद्यार्थियों में अपनी विरासत के प्रति जागरूकता एवं संरक्षण की भावना विकसित करने पर जोर दिया।

27 जिलों में 41 कार्यक्रम आयोजित कर रहा पुरातत्व निदेशालय
निदेशक रेनू द्विवेदी ने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय की ओर से प्रदेश के 27 जिलों में कुल 41 शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहरों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को प्रदेश की गौरवशाली विरासत से परिचित कराने पर ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व को लोगों तक पहुंचाने के साथ उनके संरक्षण के प्रति सामाजिक सहभागिता और संवेदनशीलता बढ़ाने में भी मददगार हैं।
करीब 600 विद्यार्थियों ने देखी प्रदर्शनी
प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर विश्वविद्यालय के करीब 600 विद्यार्थियों ने इसका अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने प्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान प्रो. विक्टर बाबू, प्रो. राजेश गौतम, प्रो. शूरदारा पुरी, प्रो. रवि कुमार, प्रो. आनंद सिंह, डॉ. रेनू पांडेय और डॉ. सुदर्शन चक्रधारी सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय की ओर से उत्खनन एवं अन्वेषण से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
