योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर पीएम मोदी ने की फोन पर बात, जताया गहरा शोक
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बातचीत कर उनकी मां सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संवेदना व्यक्त की है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश जारी कर कहा कि सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने इस कठिन समय में मुख्यमंत्री योगी और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं जताईं। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
अमित शाह ने कहा- मां का जाना अपूरणीय क्षति
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि मां का जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूरे शोकाकुल परिवार के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
नितिन नवीन ने भी जताई संवेदना

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का साया जीवन का बहुत बड़ा संबल होता है। उनके जाने से होने वाले दुख को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और मुख्यमंत्री योगी सहित पूरे परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
